कलेक्टर जनदर्शन आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण का प्रभावी मंच बनता जा रहा है। इसी क्रम में आज आयोजित जनदर्शन में ग्राम पोटापानी, जनपद पंचायत पाली के निवासी करण श्रीवास एवं मीना श्रीवास ने व्हीलचेयर उपलब्ध कराने का आवेदन प्रस्तुत किया।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं अपर कलेक्टर के समक्ष आवेदन आते ही मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल आवश्यक कार्रवाई की गई। समाज कल्याण विभाग, कोरबा द्वारा औपचारिक प्रक्रिया पूर्ण कर जिला पंचायत सीईओ दिनेश नाग, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल, संयुक्त कलेक्टर ओंकार यादव एवं डिप्टी कलेक्टर तुलाराम भारद्वाज की उपस्थिति में दोनों हितग्राहियों को व्हीलचेयर प्रदान की गई।
जनदर्शन के दौरान कुल 86 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें आम नागरिकों की विभिन्न समस्याओं को सुना गया और संबंधित विभागों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए गए। प्रशासन की इस संवेदनशील पहल से जनदर्शन आम जनता के लिए भरोसे का माध्यम बनता दिखाई दे रहा है।
