दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने रायपुर–अभनपुर–राजिम रेल खंड का निरीक्षण कर कार्य प्रगति, संरक्षा मापदंडों और निर्माण गुणवत्ता की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अभनपुर स्टेशन, आरएसडी यार्ड और निर्माणाधीन राजिम स्टेशन का दौरा किया।
महाप्रबंधक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्य संरक्षा मानकों के अनुरूप हों और तय समयसीमा के भीतर पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा सर्वोपरि है, इसलिए किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा।
रेल खंड में हो रहे कार्य
मंदिर हसौद से केन्द्री तक नई रेल लाइन का कार्य पूर्ण।
केन्द्री से अभनपुर तक गेज कन्वर्जन पूरा, मेमू सेवा चालू।
अभनपुर से राजिम के बीच गेज कन्वर्जन अंतिम चरण में।
अभनपुर से धमतरी तक गेज परिवर्तन कार्य प्रगति पर।
इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद छत्तीसगढ़ के प्रमुख धार्मिक स्थल राजिम और धमतरी देश के ब्रॉड गेज नेटवर्क से सीधे जुड़ जाएंगे। इससे यात्रियों को सुरक्षित, तेज और सुविधाजनक यात्रा विकल्प मिलेंगे, वहीं व्यापार, कृषि, पर्यटन और तीर्थाटन को भी नई गति मिलेगी।
निरीक्षण के दौरान रायपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक सहित दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने कार्यस्थलों पर कर्मचारियों से संवाद करते हुए कार्य की गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का संदेश दिया।
