जिला पंचायत साधारण सभा बैठक में विकास कार्यों की गहन समीक्षा, जनहित योजनाओं को गति देने पर जोर

 

अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचे — जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण रविन्द्र वैष्णव ने अधिकारियों को दिए स्पष्ट निर्देश

राजनांदगांव। जिला पंचायत राजनांदगांव की साधारण सभा की महत्वपूर्ण बैठक आज राजनांदगांव में जिला पंचायत अध्यक्ष किरण रविन्द्र वैष्णव की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में जिले के समग्र विकास, विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति, लंबित कार्यों की स्थिति तथा जनसमस्याओं के निराकरण पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।बैठक की शुरुआत पूर्व बैठक के पालन प्रतिवेदन की समीक्षा से हुई। अध्यक्ष श्रीमती वैष्णव ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पूर्व में लिए गए निर्णयों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए तथा लंबित मामलों का निराकरण प्राथमिकता से किया जाए।

Uploaded Image

इसके पश्चात ग्रामीण यांत्रिकी सेवा (R.E.S.) विभाग द्वारा संचालित निर्माण कार्यों, अधोसंरचना विकास, सड़क एवं भवन निर्माण, पूर्ण एवं अपूर्ण कार्यों की स्थिति की जानकारी प्रस्तुत की गई। अध्यक्ष ने कार्यों की गुणवत्ता एवं समयसीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।वन विभाग के अंतर्गत वृक्षारोपण, वन संरक्षण, सामुदायिक सहभागिता एवं ग्रामीण आजीविका से संबंधित योजनाओं की समीक्षा की गई। वहीं जल संसाधन विभाग द्वारा सिंचाई योजनाओं, जल संरक्षण संरचनाओं एवं जल प्रबंधन से जुड़े कार्यों की प्रगति पर चर्चा हुई। किसानों को सिंचाई सुविधा बेहतर उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।खनिज विभाग से संबंधित गतिविधियों, राजस्व प्राप्ति, खनन नियमों के पालन तथा क्षेत्रीय समस्याओं के समाधान पर भी विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।

Uploaded Image

अध्यक्ष ने कहा कि नियमों का कड़ाई से पालन करते हुए राजस्व वृद्धि एवं जनहित दोनों को प्राथमिकता दी जाए।बैठक में महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं जैसे पोषण अभियान, आंगनबाड़ी सेवाएं, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई तथा कुपोषण मुक्ति के लिए प्रभावी कार्य करने के निर्देश दिए गए।इसी प्रकार खाद्य विभाग के अंतर्गत सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) की स्थिति, पात्र हितग्राहियों को समय पर राशन वितरण, पारदर्शिता एवं शिकायतों के निराकरण पर विशेष चर्चा हुई। अध्यक्ष ने कहा कि किसी भी पात्र हितग्राही को योजना से वंचित नहीं रहना चाहिए।

बैठक के दौरान जिला पंचायत सभापति व जनपद अध्यक्ष व विधायक प्रतिनिधि द्वारा ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया, जिनमें सड़क, भवन, पेयजल, सिंचाई, सामाजिक योजनाओं का लाभ एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े मुद्दे शामिल रहे। अध्यक्ष श्रीमती किरण रविन्द्र वैष्णव ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश देते हुए कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। साथ ही जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण रविन्द्र वैष्णव ने सभी अधिकारियों को हर बैठक में उपस्थित रहने व शाशन की योजनाओ का लाभ हर पात्र हितग्राहियों को मिल सके जिसके लिए इसके लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।

अंत में अध्यक्ष की अनुमति से अन्य विषयों पर भी चर्चा की गई तथा सभी अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों से समन्वय बनाकर जिले के विकास कार्यों को गति देने का आह्वान किया गया।बैठक में  जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती किरण साहू, विधायक प्रतिनिधि श्री संतोष अग्रवाल, जिला पंचायत सभापति श्री प्रशांत कोडापे, श्री गोपाल भुआर्य,श्रीमती किरण बारले, श्रीमती देवकुमारी साहू, श्रीमती बिरम मंडावी, जिला पंचायत सदस्य महेंद्र यादव, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती अनिता सिन्हा, श्रीमती प्रतिमा चंन्द्राकार, श्रीमती रंजीत पडौती, मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुरुचि सिंह, देवेंद्र कौशिक उप संचालक,विजय साहू समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Post