पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज रामगोपाल गर्ग (भा.पु.से.) के कोरबा प्रवास के दौरान जिले की कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण को लेकर एक अहम क्राइम मीटिंग आयोजित की गई। यह बैठक पुलिस अधीक्षक कार्यालय कोरबा के सभाकक्ष में संपन्न हुई, जिसमें जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारी, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस तथा थाना एवं चौकी प्रभारी शामिल हुए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक कोरबा सिद्धार्थ तिवारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कटघोरा नीतिश ठाकुर सहित तीनों अनुभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। मीटिंग के दौरान आईजी गर्ग ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि आम जनता का भरोसा पुलिस व्यवस्था की सबसे बड़ी ताकत है, जिसे और मजबूत करने की आवश्यकता है।
बीट सिस्टम और जनशिकायतों पर फोकस
आईजी ने बीट सिस्टम को और अधिक सुदृढ़ एवं सक्रिय बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि बीट आरक्षक क्षेत्र में नियमित भ्रमण करें और नागरिकों से सतत संवाद बनाए रखें। उन्होंने आम जनता की शिकायतों को गंभीरता से सुनकर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने, चोरी एवं संपत्ति संबंधी अपराधों में घटना के दिन ही एफआईआर दर्ज करने और विवेचना में अनावश्यक देरी न करने के निर्देश दिए।
उन्होंने यह भी कहा कि थाना प्रभारी स्वयं शिकायत सुनें और गंभीर मामलों में संगठित अपराध की धारा जोड़ते हुए प्रभावी कार्रवाई करें, ताकि अपराधियों में कानून का भय बना रहे।
तकनीक से सशक्त होगी पुलिस
क्राइम मीटिंग के पश्चात पुलिस महानिरीक्षक गर्ग द्वारा ‘सशक्त मोबाइल ऐप’ का विमोचन किया गया। यह ऐप चोरी गए वाहनों की पहचान और बरामदगी के लिए तैयार किया गया है। ऐप के माध्यम से लावारिस खड़े वाहनों की जानकारी तुरंत सर्च की जा सकेगी, जिससे पुलिस को त्वरित कार्रवाई में मदद मिलेगी।
आईजी ने निर्देश दिए कि जिले के सभी अधिकारी और कर्मचारी इस ऐप का नियमित एवं प्रभावी उपयोग करें तथा तकनीक का अधिकतम लाभ उठाकर अपराध नियंत्रण को और मजबूत करें।
जनोन्मुखी पुलिसिंग की दिशा में कदम
आईजी ने कहा कि कोरबा पुलिस को और अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और जनोन्मुखी बनाना प्राथमिक लक्ष्य है। उन्होंने विश्वास जताया कि तकनीक, अनुशासन और संवेदनशीलता के साथ कार्य कर कोरबा पुलिस जनता की अपेक्षाओं पर खरी उतरेगी।
कोरबा पुलिस प्रशासन ने भी आश्वस्त किया कि जिले में बेहतर पुलिसिंग, त्वरित न्याय और सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने के लिए ऐसे प्रयास आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
