दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के अंतर्गत रेलवे सुरक्षा बल (रेसुब) के महानिरीक्षक सह प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त मुनव्वर खुर्शीद ने नागपुर मंडल का एक दिवसीय दौरा कर विभिन्न इकाइयों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मोतीबाग स्थित रेसुब सेटलमेंट पोस्ट, मंडल मुख्यालय कार्यालय, बैरक, शस्त्रागार एवं अन्य शाखाओं की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
दौरे के क्रम में मोतीबाग स्थित सेटलमेंट पोस्ट में महिला बल सदस्यों के लिए नवनिर्मित चेंजिंग रूम का उद्घाटन कर उसे महिला कर्मियों को समर्पित किया गया। इस अवसर पर मंडल सुरक्षा आयुक्त दीप चन्द्र आर्य सहित अन्य अधिकारी एवं बल सदस्य उपस्थित रहे।
मंडल मुख्यालय पहुंचने पर महानिरीक्षक महोदय का औपचारिक स्वागत किया गया। तत्पश्चात रेलवे इंस्टीट्यूट मोतीबाग प्रांगण में “सम्मान गार्ड” द्वारा सलामी दी गई, जिसका उन्होंने निरीक्षण किया।
आयोजित सुरक्षा सम्मेलन में उन्होंने अधिकारियों एवं बल सदस्यों को संबोधित करते हुए बल के आधुनिकीकरण, आधुनिक तकनीकों के उपयोग, खुफिया सूचनाओं के प्रभावी संकलन तथा ड्यूटी के दौरान आने वाली चुनौतियों से सतर्कता के साथ निपटने पर जोर दिया। उन्होंने शारीरिक स्वास्थ्य, फिटनेस, कर्तव्यनिष्ठा और ईमानदारी को सेवा की मूल आधारशिला बताते हुए सभी को अनुशासन एवं समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा दी।
निरीक्षण के दौरान केंद्रीय पुलिस बल सुविधा कैंटीन, रेसुब बैरक मोतीबाग, डॉग स्क्वाड तथा सेटलमेंट पोस्ट कार्यालय के अभिलेखों की समीक्षा की गई। व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए महानिरीक्षक महोदय ने नागपुर मंडल द्वारा किए जा रहे कार्यों एवं उपलब्धियों की सराहना की।
कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट कार्य करने वाले बल सदस्यों को प्रशंसा प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया तथा सभी को भविष्य में भी इसी समर्पण भाव से कर्तव्य निर्वहन करने हेतु प्रोत्साहित किया गया।
