डोंगरगढ़ पुलिस व साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई, तीन आरोपी गिरफ्तार
राजनांदगांव। ग्राम भैंसरा स्थित बाबा आम बगीचा में मिली अज्ञात महिला की लाश के मामले में डोंगरगढ़ पुलिस और साइबर सेल ने 48 घंटे के भीतर अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए मृतका के पति समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार महिला की हत्या उसके पति ने अपने एक साथी के साथ मिलकर की थी, जबकि एक अन्य व्यक्ति ने साक्ष्य छिपाने में सहयोग किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 22 फरवरी 2026 को पुलिस को सूचना मिली कि बाबा आम बगीचा के पास नदी किनारे एक अज्ञात महिला (उम्र लगभग 35-40 वर्ष) की लाश पड़ी है। महिला के सिर को पत्थर से कुचलकर उसकी पहचान छिपाने की कोशिश की गई थी। सूचना पर थाना डोंगरगढ़ में अपराध क्रमांक 92/2026 धारा 103(1), 61(2), 238 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन में एसडीओपी डोंगरगढ़ श्री केशरी नंदन नायक व डीएसपी साइबर सेल श्री अलेक्जेंडर किरो के नेतृत्व में संयुक्त टीम गठित की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष जायसवाल व साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक विनय कुमार पम्मार के नेतृत्व में टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर जांच आगे बढ़ाई।
जांच के दौरान मृतका की पहचान पूर्णिमा नेताम (35 वर्ष), निवासी रविदास नगर, राजनांदगांव के रूप में हुई। संदेह के आधार पर जब उसके पति सुनील वंजारी (45 वर्ष) की तलाश की गई तो वह घटना के बाद से फरार मिला और उसका मोबाइल भी बंद था। पुलिस ने बालोद और राजनांदगांव जिले के विभिन्न स्थानों पर सर्च अभियान चलाया। अंततः आरोपी को डोंगरगांव से घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में सुनील वंजारी ने स्वीकार किया कि उसने पत्नी के चरित्र पर संदेह के चलते 21 फरवरी की शाम को उसे बाबा आम बगीचा ले जाकर पत्थर से सिर कुचलकर हत्या कर दी। इस वारदात में उसका साथी ज्योतिष सिंह नेताम (40 वर्ष), निवासी छिरपानी, डोंगरगढ़ भी शामिल था। हत्या के बाद खून से सने कपड़ों को साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से नीलकंठ साहू (71 वर्ष), निवासी मोहंदीपार, जिला बालोद को देकर जलवा दिया गया।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को 24 फरवरी 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड हेतु न्यायालय में पेश किया है। इस पूरे मामले में थाना डोंगरगढ़ और साइबर सेल की संयुक्त टीम की अहम भूमिका रही।पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की विवेचना जारी है।
