कोंडागांव, 23 सितंबर 2025: छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले से इस वक्त की बड़ी खबर आ रही है। नेशनल हाईवे 30 पर एक दर्दनाक हादसे में दर्शन के लिए जा रही युवतियों के जत्थे को एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने रौंद दिया। हादसे में एक युवती की मौके पर ही मौत हो गई है, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हैं।
घटना कोंडागांव के दहिकोंगा कोल्ड स्टोरेज के पास दोपहर करीब 3:30 बजे हुई है। मिली जानकारी अनुसार कांटागांव से 14 युवक-युवतियों का जत्था नवरात्रि के अवसर पर मां दंतेश्वरी के दर्शन के लिए दंतेवाड़ा जा रहा था। रास्ते में खिचड़ी प्रसाद ग्रहण करने के बाद जैसे ही ये जत्था आगे बढ़ा, पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने तीन युवतियों को कुचल दिया।

हादसे में 22 वर्षीय महादई नेताम नामक युवती की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि सदबती मंडावी और ललिता मरकाम को गंभीर चोटें आईं हैं। उन्हें तत्काल 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल कोंडागांव पहुंचाया गया, जहां ललिता मरकाम की हालत गंभीर बनी हुई है।

फिलहाल ट्रैक्टर चालक मौके से फरार है और कोंडागांव सिटी कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।

मां दंतेश्वरी के दर्शन की आस्था में निकली यह यात्रा आज एक भयावाह हादसे में बदल गई। मृतिका के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
