कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली खबर 4 फरवरी को सामने आई थी, जहां प्रेम संबंध का अंत खून-खराबे में हुआ। बॉयफ्रेंड ने अपनी गर्लफ्रेंड के गले पर चाकू से वार कर दिया था और फिर खुद का भी गला काट लिया था। युवक की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि गंभीर रूप से घायल युवती ने आठ दिन बाद बिलासपुर के सिम्स अस्पताल में दम तोड़ दिया। पूरा मामला उरगा थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, जूना बिलासपुर निवासी 22 वर्षीय निशा उर्फ प्रतीक्षा श्रीवास का सरकंडा अशोक नगर निवासी 28 वर्षीय शुभम नायडू से अफेयर चल रहा था। शुभम पहले से शादीशुदा था और उसका एक बेटा भी है।
बताया जा रहा है कि तीन फरवरी की शाम दोनों घर से लापता थे। देर रात करीब 9 बजे दोनों बस से कोरबा पहुंचे। उरगा थाना क्षेत्र के संडैल गांव के पास किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया था।
विवाद इतना बढ़ा कि शुभम ने चाकू निकालकर निशा के गले पर वार कर दिया। युवती गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर गई। इसके बाद शुभम ने उसी चाकू से अपना भी गला काट लिया।
घायल अवस्था में पड़ी निशा ने हिम्मत दिखाते हुए 112 पर कॉल किया और परिजनों को वीडियो कॉल कर घटना की जानकारी दी। लोकेशन मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया।
डॉक्टरों ने जांच के बाद शुभम को मृत घोषित कर दिया। वहीं, निशा की हालत गंभीर होने के कारण उसे बिलासपुर के सिम्स अस्पताल रेफर किया गया। सिम्स में उसका ऑपरेशन किया गया और कुछ दिन हालत में सुधार भी दिखा, लेकिन अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद वह कोमा में चली गई।
आठ दिन तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद बुधवार 11 फरवरी को युवती ने दम तोड़ दिया।
