कोरबा। नवरात्रि के दौरान सर्वमंगला मंदिर में हजारों की संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में सर्वमंगला नहर मार्ग से भारी वाहनों के परिचालन के कारण हादसे का खतरा बना रहता है।
जिसे देखते हुए अनुविभागीय अधिकारी व दण्डाधिकारी कटघोरा ने नवरात्रि भर के लिए नहर मार्ग से भारी वाहनों के आवागमन पर पाबंदी लगा दी है।
इस संबंध में सर्वमंगल मंदिर के राज पुरोहित पंडित नमन पांडेय ने नहर मार्ग से भारी वाहनों के कारण आवागमन में होने वाली भारी असुविधाओं को देखते हुए तहसीलदार दर्री व कुसमुंडा पुलिस को ज्ञापन सौंपा था। चैत्र नवरात्रि में जहारों भक्तगण, आस पास गांव के ग्रामीण क्षेत्रों से दर्शनाभिलाषी मंदिर प्रांगण में एकत्रित होते हैं।
मंदिर के समीप भारी वाहनों के लिए बनाए गए बाईपास मार्ग का उपयोग श्रद्धालुओं के द्वारा किया जाता है। जिससे दुर्घटना होने की संभावना बनी रहती है। दर्री तहसीलदार व थाना प्रभारी कुसमुंडा के प्रतिवेदनों के आधार पर उनके तथ्यों से सहमत होते हुए सर्वमंगला मंदिर नहर मार्ग में 19 से 27 मार्च तक भारी वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध लगाया गया है।
