नशा मुक्त भारत के संकल्प के साथ असम से निकले युवा पल्लव देब का मरवाही में आत्मीय स्वागत

दो दिवसीय प्रवास के दौरान युवाओं से संवाद, राष्ट्र की अखंडता पर दिया विशेष संदेश

प्रयास कैवर्त/ जिला गौरेला पेंड्रा मरवाही 

नशा मुक्त भारत के संकल्प को लेकर असम से पैदल यात्रा पर निकले युवा पल्लव देब के मरवाही आगमन पर स्थानीय स्वयंसेवकों एवं नागरिकों द्वारा आत्मीय स्वागत किया गया। राष्ट्रव्यापी जनजागरण के उद्देश्य से संचालित इस प्रेरणादायी यात्रा के अंतर्गत उनका मरवाही में दो दिवसीय प्रवास रहा। इस दौरान भोजन एवं ठहरने की समुचित व्यवस्था स्थानीय कार्यकर्ताओं द्वारा की गई।

युवा संवाद में नशामुक्त समाज निर्माण पर विस्तृत चर्चा

प्रवास के दौरान आयोजित संवाद कार्यक्रम में युवाओं ने नशामुक्त समाज के निर्माण, राष्ट्रीय चेतना एवं युवा शक्ति की भूमिका पर गंभीर चर्चा की। उपस्थित नागरिकों ने इस अभियान को समाज के लिए अत्यंत प्रेरणादायी एवं समयानुकूल पहल बताया।

भारत के मानचित्र में त्रुटि पर जताई आपत्ति, अखंडता का दिया संदेश

कार्यक्रम के दौरान अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के पूर्व राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य शुभम पाठक ने अवलोकन किया कि युवा के बैग पर लगे प्रचार-पत्रक में भारत का मानचित्र त्रुटिपूर्ण अंकित था, जिसमें जम्मू–कश्मीर का भाग प्रदर्शित नहीं था। इस विषय को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने उपस्थित युवाओं के साथ

“कश्मीर हो या कन्याकुमारी, भारत माता एक हमारी”

का नारा लगवाया तथा राष्ट्र की एकता एवं अखंडता का संदेश दिया

संशोधित मानचित्र सहित नया पत्रक किया गया भेंट

भारत के मानचित्र में तत्काल सुधार सुनिश्चित करने हेतु मरवाही के ABVP प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य आदित्य सोनी को सही मानचित्र सहित नया पत्रक तैयार कराने के निर्देश दिए गए। संशोधित मानचित्र वाला नया पत्रक प्रकाशित कर जिला महामंत्री किशन सिंह ठाकुर, हिमांशु सोनी, चमन हलवाई, जमुना जायसवाल, श्याम दूबे, अमित तिवारी, कैलाश सोनी, हरिशरण नहरेल, युवराज केवट एवं युवा पार्षद अमर गुप्ता द्वारा असम से आए युवा को सम्मानपूर्वक भेंट किया गया।

नशामुक्त भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुँचाने का आह्वान

कार्यक्रम के समापन अवसर पर उपस्थित नागरिकों, युवाओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने युवा यात्री को उनकी आगामी यात्रा के लिए शुभकामनाएँ दीं तथा नशामुक्त भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुँचाने का आह्वान किया।

Related Post