कोंडागांव, 20 मार्च 2026 | जिले के चिखलपुटी स्थित न्यू बस स्टैंड में नगर पालिका की गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है, जहां सार्वजनिक टॉयलेट के पास मां दुर्गा की तस्वीर लगाए जाने से हिंदू समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हो गई हैं।
बताया जा रहा है कि 19 मार्च से चैत्र नवरात्रि का पावन पर्व शुरू हो चुका है, ऐसे समय में इस तरह की लापरवाही को लेकर लोगों में खासा आक्रोश है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सार्वजनिक शौचालय जैसे स्थान के समीप देवी-देवताओं की तस्वीर रखना अनुचित और अपमानजनक है।
हालांकि यह तस्वीर काफी समय से वहां लगी हुई थी, लेकिन शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला तूल पकड़ गया। वीडियो सामने आते ही लोगों की तीखी प्रतिक्रियाएं आने लगीं और नगर पालिका प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े होने लगे।
मामले की जानकारी नगर पालिका के सीएमओ को दी गई है। इस पर उन्होंने तत्काल संज्ञान लेते हुए तस्वीर को हटाने की बात कही है।
फिलहाल, नागरिकों ने मांग की है कि इस प्रकार की लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।
