अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर 188 बटालियन सीआरपीएफ द्वारा भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन

कोण्डागांव, 21 जून 2025 — आज 21 जून 2025 को 11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 188 बटालियन केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) कोण्डागांव द्वारा भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस वर्ष की थीम “एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग” के अंतर्गत, यह कार्यक्रम 188 बटालियन के कमाण्डेन्ट भवेश चौधरी के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।

 

इस अवसर पर चिकलपुटटी सीआरपीएफ कैम्प कोण्डागांव सहित 188 बटालियन के विभिन्न कैम्पों जैसे केशकाल (जिला-कोण्डागांव), पालेम, मारीपारा एवं पेदारास (जिला-सुकमा), तथा पुश्पालघाट (बस्तर) में भी समान उत्साह के साथ योग सत्रों का आयोजन किया गया। योग कार्यक्रम में सीआरपीएफ जवानों के साथ-साथ बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, स्कूल के छात्र-छात्राओं व बच्चों ने भी भाग लिया।

 

कमाण्डेन्ट भवेश चौधरी ने बताया कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में तैनाती के बावजूद, 188 बटालियन ने न केवल अपने कैम्पों में बल्कि सार्वजनिक स्थलों पर भी योग कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को योग के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि नियमित योग अभ्यास से न केवल शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर होता है, बल्कि यह मानसिक तनाव से मुक्ति दिलाने में भी सहायक है। योग आज की तनावपूर्ण जीवनशैली में संजीवनी का कार्य करता है।

 

कार्यक्रम में 188 बटालियन के अधिकारी द्वितीय कमान अधिकारी नीतीन्द्र नाथ, उप कमाण्डेन्ट कमलसिंह मीणा, सहायक कमाण्डेन्ट ओमप्रकाश विश्नोई सहित अन्य अधीनस्थ अधिकारी, जवान, महिलाएं, युवा और स्कूली छात्र-छात्राएं सम्मिलित हुए। सभी ने मिलकर विभिन्न योग आसनों का अभ्यास किया तथा योग को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।

 

इस आयोजन ने न केवल स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाई, बल्कि सामुदायिक सहभागिता और सकारात्मक ऊर्जा का भी संचार किया।

Related Post