सांसद खेल महोत्सव का भव्य शुभारंभ मोहेड़ा नागदी ग्राम पंचायत में हुआ आयोजन, राजस्व मंत्री हेमंत मीणा रहे मुख्य अतिथि

सांसद खेल महोत्सव का भव्य शुभारंभ

मोहेड़ा नागदी ग्राम पंचायत में हुआ आयोजन, राजस्व मंत्री हेमंत मीणा रहे मुख्य अतिथि

अरनोद। उपखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत मोहेड़ा नागदी में शनिवार को सांसद खेल महोत्सव 2025 का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राजस्थान सरकार के राजस्व मंत्री हेमंत मीणा उपस्थित रहे।
विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला महामंत्री नरेंद्र गिरी गोस्वामी, मंडल अध्यक्ष बालूराम डांगी, अरनोद नगर अध्यक्ष ईश्वर चौधरी, साखथली सरपंच रामलाल मीणा, मोहेड़ा सरपंच ओमप्रकाश मीणा तथा विकास अधिकारी राकेश कुमार निनामा मंचासीन रहे।

मंत्री हेमंत मीणा ने अपने उद्बोधन में कहा कि “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्देशानुसार सांसद खेल महोत्सव का उद्देश्य गांव-गांव में छिपी खेल प्रतिभाओं को पहचान देना है, ताकि देश के ग्रामीण अंचल से भी खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर तक पहुँच सकें।” उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार बिना किसी भेदभाव के प्रत्येक गांव के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्यरत है।

इस दौरान विद्यालय स्टाफ ने मंत्री को अवगत कराया कि विद्यालय परिसर के पास बने शौचालय के ऊपर से 11 हजार केवी की बिजली लाइन गुजर रही है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। मंत्री मीणा ने तत्परता दिखाते हुए विद्युत विभाग के अधिकारियों को फोन पर निर्देश दिए कि लाइन को तुरंत प्रभाव से हटाया जाए।

इसी क्रम में डोराना के ग्रामीणों ने मोहेड़ा से डोराना तक बन रही सड़क पर ठेकेदार द्वारा बड़ी गिट्टियां डालकर कार्य अधूरा छोड़ देने की शिकायत की। इस पर मंत्री ने संबंधित विभाग को निर्देश दिए कि मौसम खुलते ही कार्य पूर्ण किया जाए।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि, शिक्षक और पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
खेल महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए खेल भावना और एकता का परिचय दिया।

Related Post