कोंडागांव, 17 मार्च 2026 | जिला अस्पताल कोंडागांव में आज स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से एचपीवी (HPV) टीकाकरण और शिशु संरक्षण माह (SSM) का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अभियान के माध्यम से किशोरियों और छोटे बच्चों को गंभीर बीमारियों से बचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है।
कार्यक्रम के तहत 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की किशोरियों को एचपीवी वैक्सीन लगाई गई। स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि यह टीका भविष्य में होने वाले सर्वाइकल कैंसर (गर्भाशय ग्रीवा कैंसर) से बचाव में अत्यंत प्रभावी है। साथ ही अभिभावकों और किशोरियों से टीकाकरण को लेकर जागरूक रहने की अपील भी की गई।
इसी के साथ शिशु संरक्षण माह के अंतर्गत 6 माह से 5 वर्ष तक के बच्चों को विटामिन ‘A’ की खुराक और आयरन फोलिक एसिड (IFA) सिरप पिलाया गया। विशेषज्ञों के अनुसार, यह बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने और उनके शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए आवश्यक है।
इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. पी.एल. मंडावी, जिला टीकाकरण अधिकारी सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। उन्होंने बताया कि समय पर टीकाकरण और पोषण सप्लीमेंट्स से बच्चों को कई गंभीर बीमारियों से सुरक्षित रखा जा सकता है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पालक अपने बच्चों के साथ पहुंचे और इस स्वास्थ्य अभियान का लाभ उठाया। स्वास्थ्य विभाग ने आम जनता से अपील की है कि वे इस निःशुल्क सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अपने बच्चों व किशोरियों का समय पर टीकाकरण अवश्य कराएं।
