कोंडागांव, 1 मार्च 2026 | जिले के ऐतिहासिक एवं पारंपरिक वार्षिक मावली मेला का आज विधिवत समापन होगा। मेले का भव्य शुभारंभ 23 फरवरी को निशा जत्रा और 24 फरवरी को देव परिक्रमा के साथ हुआ था। एक सप्ताह तक चले इस सांस्कृतिक उत्सव ने पूरे जिले को उत्सवमय माहौल में रंग दिया, जिसका आज औपचारिक समापन घोषित किया जाएगा।
इस वर्ष मावली मेले में विशेष रौनक देखने को मिली। विकासनगर स्टेडियम मैदान में आयोजित मीना बाजार में लाखों की संख्या में लोगों ने पहुंचकर मेले का आनंद लिया। शाम 7 बजे के बाद से भीड़ सबसे अधिक देखने को मिल रही है। आज रविवार को जिला मुख्यालय में साप्ताहिक बाजार भी आयोजित होने के कारण प्रशासन दोपहर से ही सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी तरह मुस्तैद हो गया है।
मेले का आज अंतिम दिन होने के चलते रिकॉर्ड भीड़ की संभावना जताई जा रही है।
कोंडागांव मेले में जिले के अलावा सीमावर्ती जिले नारायणपुर, कांकेर और जगदलपुर से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे हैं। साथ ही पड़ोसी राज्य उड़ीसा (ओडिशा) से भी श्रद्धालु एवं पर्यटक मेले में शामिल होकर पारंपरिक संस्कृति, लोककला, बाजार और मनोरंजन का आनंद ले रहे हैं।
प्रशासन द्वारा सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, ताकि समापन दिवस शांतिपूर्ण और व्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके।
