दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर रेल मंडल द्वारा होली पर्व के अवसर पर यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दुर्ग–रायगढ़–दुर्ग के मध्य मेमू पैसेंजर स्पेशल ट्रेन चलाने की घोषणा की गई है। यह विशेष ट्रेन 02, 03, 05 एवं 06 मार्च 2026 को कुल 04 फेरे लगाएगी।
रेल प्रशासन के अनुसार गाड़ी संख्या 08834 दुर्ग–रायगढ़ मेमू पैसेंजर स्पेशल दुर्ग से प्रातः 10:30 बजे रवाना होकर भिलाई नगर, भिलाई पावर हाउस, देवबलोदा चरोदा, कुम्हारी, सरोना, सरस्वती नगर, रायपुर, उरकुरा, तिल्दा नेवरा, भाटापारा, बिल्हा, चक्करभाटा, बिलासपुर, अकलतरा, जांजगीर नैला, चांपा, सक्ती, खरसिया सहित विभिन्न प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव लेते हुए शाम 6:50 बजे रायगढ़ पहुंचेगी।
वापसी में गाड़ी संख्या 08833 रायगढ़–दुर्ग मेमू पैसेंजर स्पेशल रायगढ़ से शाम 7:00 बजे प्रस्थान कर उपरोक्त सभी स्टेशनों पर रुकते हुए बिलासपुर रात 9:45 बजे, रायपुर रात 12:10 बजे तथा दुर्ग अगले दिन तड़के 1:45 बजे पहुंचेगी।
रेलवे के अनुसार इस विशेष ट्रेन में आठ कोच का मेमू रैक लगाया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक यात्रियों को सुविधा मिल सके। होली पर्व के दौरान बढ़ती भीड़ को ध्यान में रखते हुए यह विशेष व्यवस्था की गई है, जिससे यात्रियों को सुरक्षित और सुगम यात्रा का लाभ मिल सके।
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पूर्व समय सारणी की जानकारी प्राप्त कर ही स्टेशन पहुंचे, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।
