लगातार हो रही बारिश से किलो डैम के चार गेट खोले गए

जिले में पिछले 24 घंटों से जारी लगातार बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। नदी-नाले उफान पर हैं, वहीं केलो डेम में जलस्तर बढ़ने से चार गेट खोले गए हैं। मौसम विभाग ने जिले समेत आसपास के क्षेत्रों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है और चेतावनी दी है कि अगले 24 घंटे में कई इलाकों में तेज गर्जना के साथ भारी वर्षा हो सकती है।

गुरुवार शाम से शुरू हुआ बारिश का दौर कभी तेज तो कभी धीमी रफ्तार से लगातार जारी है। शुक्रवार शाम करीब 5 बजे बारिश अचानक तेज हुई, हालांकि रात 6.30 बजे के बाद कुछ देर के लिए बारिश थमने पर लोगों को राहत मिली और सड़कों पर आवाजाही शुरू हो सकी।

बीते कुछ दिनों से जिले में मौसम का मिजाज बदलता रहा—कभी धूप तो कभी बादल और बीच-बीच में हल्की बारिश। लेकिन लगातार हो रही बारिश से अब निचले इलाकों में पानी भरने लगा है और लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है।

मौसम विभाग के मुताबिक

मानसून द्रोणिका सूरतगढ़, रोहतक, फतेहगढ़, गया, दीघा से होते हुए उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी तक सक्रिय है।
ऊपरी हवा का चक्रवाती तंत्र गंगेटिक पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश क्षेत्र में 7.6 किलोमीटर ऊंचाई तक बना हुआ है।
25 अगस्त को उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और ओडिशा तट के पास एक नया निम्न दाब का क्षेत्र बनने की संभावना है।
शनिवार को जिले के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और कुछ क्षेत्रों में भारी वर्षा व बज्रपात होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क और सावधान रहने की अपील की है।

Related Post