होली एवं रमज़ान ईद पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से कोरबा पुलिस द्वारा जिलेभर में व्यापक फ्लैग मार्च निकाला गया। यह मार्च पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में आयोजित किया गया।
पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कटघोरा नीतिश ठाकुर सहित समस्त राजपत्रित अधिकारियों की उपस्थिति में जिला मुख्यालय एवं सभी थाना-चौकी क्षेत्रों में पुलिस बल ने फ्लैग मार्च कर सुरक्षा का संदेश दिया।
जिला मुख्यालय में फ्लैग मार्च थाना कोतवाली से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख चौक-चौराहों से होते हुए कोसाबाड़ी क्षेत्र तक निकाला गया। लगभग 200 से अधिक पुलिस अधिकारी एवं जवान इसमें शामिल हुए। मार्च के माध्यम से आम नागरिकों में सुरक्षा का विश्वास जगाया गया तथा असामाजिक तत्वों को कड़ी चेतावनी दी गई।
इसी प्रकार कटघोरा, दर्री, करतला, पाली, बांगो एवं दीपका थाना क्षेत्रों में भी पुलिस बल ने गली-मोहल्लों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पैदल एवं वाहन मार्च कर शांति एवं भाईचारे का संदेश दिया। ध्वनि विस्तारक यंत्रों के माध्यम से नागरिकों से होली और रमज़ान ईद के दौरान आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने स्पष्ट किया कि शांतिपूर्वक पर्व मनाने वालों के साथ पुलिस मित्रवत व्यवहार करेगी, जबकि हुड़दंग करने, जबरन रंग लगाने, नशे में वाहन चलाने या कानून-व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
कोरबा पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे पर्व को शांति, सद्भाव और भाईचारे के साथ मनाएं तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।
