सामूहिक विवाह में जवाली के पांच जोड़ों ने ली नई शुरुआत

छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री निर्धन कन्या सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत ग्राम जवाली की पांच निर्धन कन्याओं ने अपने वैवाहिक जीवन की नई शुरुआत की। जिला प्रशासन कोरबा एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के संयुक्त तत्वावधान में वित्तीय वर्ष 2025–26 के तहत आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रम में इन पांच जोड़ों ने सहभागिता कर योजना का लाभ प्राप्त किया।

यह भव्य सामूहिक विवाह कार्यक्रम मंगलवार, 10 फरवरी को सीएसईबी पूर्व फुटबॉल ग्राउंड, कोरबा में आयोजित किया गया, जहां जिले के विभिन्न ग्रामों से आए नवविवाहित जोड़ों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ विवाह संपन्न किया। आयोजन स्थल पर उल्लास, सामाजिक सौहार्द और आत्मीय वातावरण देखने को मिला।

कार्यक्रम के दौरान माननीय मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से नवदंपतियों को आशीर्वाद प्रदान करते हुए उनके सुखद, समृद्ध और खुशहाल दांपत्य जीवन की कामना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह योजना गरीब एवं वंचित परिवारों के लिए सामाजिक सुरक्षा और सम्मानजनक जीवन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

योजना के प्रावधानों के अनुसार प्रत्येक निर्धन कन्या के बैंक खाते में ₹35,000 की सहायता राशि सीधे अंतरित की जाती है, जिससे विवाह उपरांत आवश्यक जरूरतों की पूर्ति में सहायता मिल सके। इस आर्थिक सहयोग से गरीब परिवारों को स्थायी संबल मिल रहा है और सामाजिक कुरीतियों पर भी प्रभावी रोक लग रही है।

इस अवसर पर योजना का लाभ दिलाने में पर्यवेक्षक पाटिल मैडम के साथ-साथ ग्राम जवाली के सभी पांच आंगनबाड़ी केंद्रों की कार्यकर्ता, सहायिकाएं एवं सामाजिक स्वयंसेवकों की सराहनीय भूमिका रही। सभी ने मिलकर पात्र हितग्राहियों को योजना से जोड़ने और कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग प्रदान किया।

मुख्यमंत्री निर्धन कन्या सामूहिक विवाह योजना आज प्रदेश की गरीब बेटियों के लिए न केवल आर्थिक सहायता का माध्यम बन रही है, बल्कि उन्हें सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भर भविष्य की ओर अग्रसर करने वाली सशक्त सामाजिक पहल के रूप में भी अपनी पहचान बना रही है।

Related Post