दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे भारत स्काउट्स एवं गाइड्स राज्य मुख्यालय के तत्वावधान में प्रथम राज्य स्तरीय कैंपोरी का आयोजन दिनांक 02 जनवरी 2026 से 04 जनवरी 2026 तक रेलवे प्राइमरी स्कूल, बुधवारी बाजार के प्रांगण में किया जा रहा है। इस ऐतिहासिक राज्य स्तरीय शिविर में बिलासपुर, रायपुर एवं नागपुर मंडल से स्काउट, गाइड, रोवर, रेंजर एवं यूनिट लीडर सहित लगभग 250 प्रतिभागी उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं।
यह राज्य स्तरीय कैंपोरी आगामी भारतीय रेलवे जंबोरेट के लिए अभ्यास एवं तैयारी के उद्देश्य से आयोजित की गई है, जो कि दिनांक 17 जनवरी 2026 से 21 जनवरी 2026 तक लिलुआ (ईस्टर्न रेलवे) में आयोजित होगी। शिविर के दौरान जंबोरेट में प्रस्तावित विभिन्न प्रतियोगिताओं, गतिविधियों एवं प्रशिक्षण कार्यक्रमों का व्यावहारिक अभ्यास कराया जा रहा है, जिससे प्रतिभागी राष्ट्रीय स्तर के आयोजन के लिए स्वयं को बेहतर रूप से तैयार कर सकें।
कैंपोरी का आयोजन धीरेंद्र कुमार सिंह, स्टेट सेक्रेटरी एवं प्रिंसिपल, मल्टी डिस्पेंसरी ट्रेनिंग इंस्टिट्यूट, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर तथा अनुराग कुमार सिंह, जिला आयुक्त (स्काउट) एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, बिलासपुर के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। संपूर्ण शिविर का सफल संचालन राज्य संगठन आयुक्त (स्काउट) दिलीप कुमार स्वाई के नेतृत्व में किया जा रहा है।
शिविर के दौरान अनुशासन, टीमवर्क, नेतृत्व विकास, सेवा भावना, आपदा प्रबंधन, सामाजिक दायित्व, शारीरिक एवं मानसिक विकास से जुड़ी विविध गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। प्रतिभागियों में उत्साह और सीखने की ललक स्पष्ट रूप से देखी जा रही है।
यह प्रथम राज्य स्तरीय कैंपोरी न केवल स्काउट-गाइड आंदोलन को नई दिशा देने का कार्य कर रही है, बल्कि युवाओं के सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता और समाज सेवा की भावना को सुदृढ़ करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
