कोरबा में अंतिम मतदाता सूची जारी, 8.18 लाख से अधिक मतदाता दर्ज

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 1 जनवरी 2026 के संदर्भ में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद कोरबा जिले में फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन कर दिया गया है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कुणाल दुदावत की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में मतदाता सूची जारी की गई तथा प्रतियां वितरित की गईं।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने जानकारी दी कि पुनरीक्षण प्रक्रिया के बाद जिले में कुल मतदाताओं की संख्या बढ़कर 8,18,010 हो गई है। इनमें 4,09,333 पुरुष, 4,08,664 महिला एवं 13 तृतीय लिंग मतदाता शामिल हैं। जिले का लिंगानुपात सुधरकर 998 पहुंच गया है, जो महिला मतदाताओं की बढ़ती भागीदारी को दर्शाता है।

विधानसभा क्षेत्रवार आंकड़ों के अनुसार पालीतानाखार में 2,19,510, रामपुर में 2,07,076, कोरबा में 1,95,781 तथा कटघोरा में 1,95,643 मतदाता पंजीकृत हैं। निर्वाचन प्रक्रिया को सुदृढ़ करने के लिए मतदान केंद्रों का युक्तियुक्तकरण भी किया गया है। पूर्व में 1081 मतदान केंद्र थे, जिनमें 132 नए केंद्र जोड़कर कुल संख्या 1211 कर दी गई है।

पुनरीक्षण के दौरान तकनीकी शुद्धता पर विशेष ध्यान दिया गया। तार्किक विसंगतियों के हजारों मामलों का सत्यापन कर निराकरण किया गया। मृत्यु, स्थानांतरण एवं अनुपस्थित श्रेणी के 1,33,741 नामों का नियमानुसार विलोपन किया गया, जिससे मतदाता सूची को त्रुटिहीन और पारदर्शी बनाया जा सके।

दावा-आपत्ति अवधि (23 दिसंबर 2025 से 22 जनवरी 2026) के दौरान प्राप्त 19,197 आवेदनों में से अधिकांश का निराकरण किया गया। नाम जोड़ने, विलोपन और संशोधन संबंधी प्रकरणों का विधिसम्मत निपटारा किया गया। ‘स्वीप’ कार्यक्रम के माध्यम से व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया तथा हेल्प डेस्क और कॉल सेंटर स्थापित कर मतदाताओं की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया गया।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने पूरी प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और समावेशी बताते हुए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को समयबद्ध कार्य पूर्ण करने पर बधाई दी। अंतिम प्रकाशन के साथ ही कोरबा जिला आगामी निर्वाचन प्रक्रिया के लिए पूरी तरह तैयार हो गया है।

Related Post