कोण्डागांव, 25 जनवरी 2026 | ग्राम पंचायत राजागांव में आयोजित राजागांव क्रिकेट लीग (RCL) के छठवें सीजन का फाइनल मुकाबला रविवार, 25 जनवरी को खेला गया, जो रोमांच और उत्साह से भरपूर रहा। दस-दस ओवर की इस क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मैच जेट फाइटर और बस्तर मार्कोस टीम के बीच खेला गया, जिसमें जेट फाइटर टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मात्र एक रन से मुकाबला जीतकर खिताब अपने नाम किया।
फाइनल मैच में जेट फाइटर टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 100 रन का लक्ष्य रखा। लक्ष्य का पीछा करते हुए बस्तर मार्कोस की टीम अंतिम ओवर तक संघर्ष करती रही, लेकिन निर्धारित ओवरों में लक्ष्य हासिल नहीं कर सकी और एक रन से हार का सामना करना पड़ा। मैच का रोमांच अंतिम गेंद तक बना रहा, जिससे मैदान पर मौजूद दर्शकों की सांसें थमी रहीं।

समापन समारोह के अवसर पर लक्ष्मण कश्यप (मंडल अध्यक्ष) मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ सरपंच दशरथ सिंह नेताम, क्षेत्र के सभी पंच, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए आयोजन समिति की सराहना की।

प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार ₹40,000 एवं द्वितीय पुरस्कार ₹21,000 रखा गया था, जिसे विजेता एवं उपविजेता टीमों को अतिथियों के हाथों प्रदान किया गया।

फाइनल मुकाबले में शानदार प्रदर्शन के लिए जयराम नेताम को मैन ऑफ द मैच एवं प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया।

गौरतलब है कि राजागांव क्रिकेट लीग (RCL) का आयोजन 10 जनवरी से किया गया था, जिसका समापन आज रविवार 25 जनवरी को हुआ। इस टूर्नामेंट में कुल 6 टीमों ने भाग लिया, जिनके बीच लीग मैच खेले गए। पूरे आयोजन के दौरान ग्रामीणों और खेल प्रेमियों की भारी उपस्थिति देखने को मिली।

प्रतियोगिता के सफल आयोजन से गांव में खेल भावना, भाईचारे और उत्साह का माहौल बना रहा।
