फरसगांव सहकारी बैंक में अव्यवस्थाओं से किसान परेशान, विड्रॉल फॉर्म के लिए भी जद्दोजहद

कोंडागांव, 24 मार्च 2026 | जिले के फरसगांव स्थित जिला सहकारी केंद्रीय बैंक में अव्यवस्थाओं के चलते किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। किसानों का आरोप है कि अपने ही खाते से राशि निकालने के लिए उन्हें घंटों लंबी कतारों में खड़ा रहना पड़ता है, वहीं एक साधारण विड्रॉल फॉर्म के लिए भी आपस में जद्दोजहद करनी पड़ रही है।

 

बताया जा रहा है कि फसल विक्रय के बाद भुगतान लेने के लिए दूर-दराज के गांवों से पहुंचने वाले किसान सुबह से शाम तक बैंक में डटे रहते हैं, लेकिन भीड़ और अव्यवस्था के कारण कई बार उन्हें बिना पैसे लिए ही लौटना पड़ता है। इससे किसानों को आर्थिक के साथ-साथ मानसिक परेशानी भी झेलनी पड़ रही है।

 

किसानों ने मांग की है कि फरसगांव ब्लॉक में सहकारी बैंक की अतिरिक्त शाखाएं खोली जाएं, कर्मचारियों की संख्या बढ़ाई जाए और बैंक में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि भीड़ का दबाव कम हो सके।

 

किसानों ने प्रशासन से जल्द व्यवस्था सुधार की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे उग्र आंदोलन और चक्का जाम करने को बाध्य होंगे, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

Related Post