कोंडागांव जिले के नारायणपुर विधानसभा में जनसमस्याओं का विस्फोट पक्का मकान, पुल, स्कूल, बिजली और धान खरीदी को लेकर AAP का प्रशासन पर दबाव

मर्दापाल/कोंडागांव, 3 फरवरी 2026 | कोंडागांव जिले के नारायणपुर विधानसभा क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं की बदहाली को लेकर आम आदमी पार्टी ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। आम आदमी पार्टी विधानसभा नारायणपुर के अध्यक्ष मानसिंग नेताम ने कोंडागांव अपर कलेक्टर को छह गंभीर जनसमस्याओं से जुड़े आवेदन पत्र सौंपकर तत्काल समाधान की मांग की।

विधानसभा नारायणपुर अंतर्गत जिला कोंडागांव के ब्लॉक मर्दापाल क्षेत्र में हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। गरीब, किसान और बच्चे सरकारी योजनाओं का लाभ पाने से वंचित हैं और ज़मीनी हकीकत दावों के बिल्कुल उलट नज़र आ रही है।

इन प्रमुख समस्याओं को लेकर सौंपा गया आवेदन—

गरीब परिवार अब भी कच्ची झोपड़ियों में रहने को मजबूर, जबकि पक्का मकान योजना सिर्फ कागज़ों तक सीमित है।

ग्राम अदनार में पुल निर्माण कार्य वर्षों से अधूरा, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्राम पंचायत तुमड़ीवाल के आश्रित ग्राम बेड़मा का स्कूल भवन जर्जर, बच्चों की जान जोखिम में डालकर पढ़ाई कराई जा रही है।

किसानों के धान खरीदी टोकन जानबूझकर नहीं काटे जा रहे, जिससे वे गंभीर आर्थिक संकट में फंस गए हैं।

ग्राम पंचायत छोटे उसरी, पटेलपारा में आज तक बिजली नहीं, आज़ादी के 78 साल बाद भी ग्रामीण अंधेरे में जीवन जीने को मजबूर हैं।

क्षेत्र की अन्य बुनियादी समस्याओं पर भी प्रशासन की उदासीनता सामने आई है।

आम आदमी पार्टी की दो टूक चेतावनी

विधानसभा अध्यक्ष मानसिंग नेताम ने कहा—

“सरकार गरीबों, किसानों और आदिवासियों के साथ खुला अन्याय कर रही है। योजनाएं सिर्फ कागज़ों में हैं, ज़मीन पर भ्रष्टाचार और लूट का बोलबाला है। यदि इन समस्याओं का तत्काल समाधान नहीं हुआ तो आम आदमी पार्टी सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन करेगी।”

आम आदमी पार्टी ने प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि इन आवेदनों पर शीघ्र और ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो आने वाले दिनों में धरना-प्रदर्शन, जन आंदोलन और घेराव किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

अब बड़ा सवाल यह है—

क्या सरकार सोती रहेगी या जनता को उसका हक़ मिलेगा?

Related Post