कोरबा। जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र, कोरबा द्वारा युवाओं और उद्यमियों को स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से एक दिवसीय उद्यमिता जागरूकता शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर 24 फरवरी 2026 को दोपहर 12:00 बजे सद्भावना सांस्कृतिक भवन, करतला में आयोजित होगा।
महाप्रबंधक, जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र कोरबा द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, शिविर में प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना (PMFME) तथा प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP) के अंतर्गत उपलब्ध अनुदानित ऋण योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।
इस कार्यक्रम का उद्देश्य जिले के ऐसे युवक-युवतियों एवं उद्यमियों को मार्गदर्शन देना है, जो स्वयं का सेवा व्यवसाय या उद्योग स्थापित करना चाहते हैं। शिविर में योजनाओं के तहत मिलने वाली सहायता, आवेदन प्रक्रिया, पात्रता और बैंक ऋण से संबंधित जानकारी प्रदान की जाएगी।
जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र ने जिले के सभी इच्छुक युवक-युवतियों एवं उद्यमियों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि और समय पर उपस्थित होकर योजनाओं का लाभ उठाएं।
