कोरबा जिले में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें दो विधि से संघर्षरत बालक शामिल हैं। आरोपियों ने चोरी की रकम से दिल्ली और मनाली घूमने जाना भी स्वीकार किया है।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी के पर्यवेक्षण में थाना सिविल लाइन रामपुर अंतर्गत चौकी सीएसईबी और चौकी मानिकपुर द्वारा संयुक्त कार्रवाई की गई।
जांच में सामने आया कि चौकी सीएसईबी क्षेत्र के मानसनगर एवं टीपी नगर स्थित चार मकान/दुकानों तथा मानिकपुर क्षेत्र की एक दुकान में ताला तोड़कर नगदी, सोने-चांदी के जेवरात सहित अन्य सामान चोरी किया गया था। प्रकरण दर्ज कर पुलिस लगातार विवेचना कर रही थी।
सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर संदेही राजूदास मानिकपुरी (19 वर्ष) निवासी मुड़ापार, मानिकपुर तथा उसके दो साथियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपियों ने मानसनगर, टीपी नगर एवं कुंआभट्ठा क्षेत्र में चोरी की घटनाएं करना स्वीकार किया। उन्होंने चोरी की रकम से दिल्ली-मनाली घूमने की बात भी कबूली।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लोहे का रॉड, मोटरसाइकिल क्रमांक CG 12 BE 8715 तथा नगदी रकम जप्त की है। मुख्य आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस संयुक्त कार्रवाई में चौकी प्रभारी सीएसईबी उपनिरीक्षक भीमसेन यादव एवं चौकी प्रभारी मानिकपुर उपनिरीक्षक परमेश्वर राठौर सहित पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
