छुरिया : छुरिया विकासखंड के अंतर्गत ग्राम पंचायत गैंदाटोला में पंचायत की शासकीय भूमि पर अवैध कब्जे का मामला अब खुलकर सामने आ गया है। लगातार शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं होने से शिकायतकर्ता अनिस सोनी ने पंचायत प्रशासन के खिलाफ खुलकर आवाज उठाई है। इसी कड़ी में पंचायत कार्यालय के सामने एक बड़ा फ्लेक्स बैनर लगाकर विरोध दर्ज कराया गया है, जो पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
पंचायत भवन के सामने लगे इस फ्लेक्स में शासकीय भूमि, बाजार चबूतरा, स्कूल परिसर और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर हो रहे अतिक्रमण को लेकर सीधे सवाल उठाए गए हैं। बैनर में “मैं आपका ग्राम गैंदाटोला हूं… जवाब देगा कौन?” जैसे संदेशों के जरिए प्रशासन की निष्क्रियता पर कटाक्ष किया गया है।

शिकायतकर्ता अनिस सोनी ने जनपद पंचायत, तहसीलदार और सरपंच को लिखित शिकायत देकर आरोप लगाया है कि कुछ व्यक्तियों द्वारा पंचायत कार्यालय की बाउंड्री वॉल तोड़कर निजी निर्माण किया गया है। यह न केवल शासकीय संपत्ति पर अतिक्रमण है, बल्कि कानूनन दंडनीय अपराध भी है। इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि बस स्टैंड और साप्ताहिक बाजार क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे अतिक्रमण के कारण सार्वजनिक स्थान सिमटते जा रहे हैं। स्थिति ऐसी हो गई है कि बसों को सड़क पर खड़ा करना पड़ रहा है, जिससे यातायात बाधित हो रहा है और दुर्घटना की आशंका बढ़ गई है।
शिकायतकर्ता ने छत्तीसगढ़ भू-राजस्व संहिता 1959 की धारा 248 एवं भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं का हवाला देते हुए अवैध कब्जा हटाने, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करने तथा पंचायत की भूमिका की जांच की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं होती है तो उच्च अधिकारियों के समक्ष शिकायत प्रस्तुत की जाएगी।
पंचायत कार्यालय के सामने लगे इस विरोधात्मक फ्लेक्स ने प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में कितनी तत्परता दिखाता है और गैंदाटोला में बढ़ते अतिक्रमण पर कब तक कार्रवाई होती है।
