मरवाही/ प्रयास कैवर्त
जिला प्रशासन गौरेला–पेंड्रा–मरवाही के मार्गदर्शन में 7 मार्च 2026 को जनपद पंचायत मरवाही के अंतर्गत आने वाले 71 ग्राम पंचायतों में रोजगार दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान ग्रामीणों को VB-G RAM G, रोजगार दिवस, QR कोड, आजीविका डबरी एवं आवास दिवस से संबंधित योजनाओं के बारे में जागरूक किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों के साथ मजदूर, सरपंच, पंच तथा प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY-G) और मनरेगा के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान आवास योजना के हितग्राहियों को आवास निर्माण से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। अधिकारियों ने उन्हें आवास की किस्तों की प्रक्रिया, निर्माण सामग्री की उपलब्धता तथा मनरेगा के अंतर्गत 90 दिनों की मजदूरी के प्रावधान के बारे में विस्तार से बताया। साथ ही हितग्राहियों को समय पर आवास निर्माण कार्य पूर्ण करने के लिए प्रेरित किया गया।
ग्रामीणों को आजीविका डबरी योजना के लाभों के बारे में भी जानकारी दी गई। बताया गया कि डबरी निर्माण से जल संरक्षण को बढ़ावा मिलता है और किसानों को खेती के साथ-साथ पशुपालन में भी लाभ मिलता है। इसलिए अधिक से अधिक हितग्राहियों को डबरी निर्माण कार्य कराने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम में योजनाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ग्रामीणों को मोबाइल के माध्यम से QR कोड स्कैनिंग की प्रक्रिया भी समझाई गई। अधिकारियों ने बताया कि QR कोड के उपयोग से योजनाओं की जानकारी आसानी से प्राप्त की जा सकती है और कार्यों में पारदर्शिता बनी रहती है।
इसके अलावा VB-G RAM G योजना के बारे में भी ग्रामीणों को विस्तार से जानकारी दी गई। योजना के प्रचार-प्रसार के लिए पैम्पलेट और पोस्टर के माध्यम से लोगों को जागरूक किया गया। साथ ही आजीविका डबरी कार्यस्थलों पर हितग्राहियों के नाम के साथ उनके परिवार की महिला सदस्य का नाम तथा उनके समूह के लोकोस आईडी का विवरण बोर्ड पर लिखने के संबंध में भी प्रचार-प्रसार किया गया, ताकि योजना के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जा सके।
कार्यक्रम में जनपद पंचायत मरवाही के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विनय सागर एवं मरवाही कार्यक्रम अधिकारी समीर धुव्र भी उपस्थित रहे। इस अवसर पर सीईओ विनय सागर ने ग्रामीणों से शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील करते हुए कहा कि मनरेगा, आवास योजना और आजीविका डबरी जैसी योजनाएं ग्रामीणों की आजीविका सुदृढ़ करने के लिए संचालित की जा रही हैं, इसलिए सभी हितग्राही निर्धारित समय सीमा में कार्य पूर्ण करें और योजनाओं का सही उपयोग करें।
वहीं कार्यक्रम अधिकारी समीर धुव्र ने संबंधित कर्मचारियों को निर्देश देते हुए कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि सभी ग्राम पंचायतों में QR कोड, सूचना बोर्ड और हितग्राहियों की जानकारी को स्पष्ट रूप से प्रदर्शित किया जाए, ताकि ग्रामीणों को योजनाओं की पूरी जानकारी मिल सके और उन्हें किसी प्रकार की परेशानी न हो।
