मरवाही/ प्रयास कैवर्त
जिला प्रशासन गौरेला–पेंड्रा–मरवाही के मार्गदर्शन में 7 फरवरी 2026 को जनपद पंचायत मरवाही के अंतर्गत 71 ग्राम पंचायतों में रोजगार दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर ग्रामीणों को रोजगार, आवास एवं आजीविका से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की जानकारी देकर जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में विनय सागर, जनपद पंचायत मरवाही एवं समीर ध्रुव, कार्यक्रम अधिकारी, जनपद पंचायत मरवाही की विशेष उपस्थिति रही। दोनों अधिकारियों ने ग्रामीणों को योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने हेतु प्रेरित किया।
रोजगार दिवस के दौरान ग्रामीणों को VB-G RAM G योजना के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। योजना के प्रचार-प्रसार के लिए पैम्फलेट एवं पोस्टर प्रदर्शित किए गए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, मनरेगा मजदूर, सरपंच, पंच, पीएम आवास योजना (ग्रामीण) स्टाफ एवं मनरेगा स्टाफ उपस्थित रहे।
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के हितग्राहियों को आवास निर्माण से संबंधित किस्तों के भुगतान, निर्माण सामग्री की उपलब्धता एवं प्रक्रिया की जानकारी दी गई। साथ ही हितग्राहियों को आवास निर्माण के दौरान मिलने वाली 90 दिवस की मनरेगा मजदूरी के बारे में भी अवगत कराया गया।
कार्यक्रम में आजीविका डबरी योजना के लाभों पर विशेष रूप से प्रकाश डाला गया। बताया गया कि डबरी निर्माण से किसानों को सिंचाई सुविधा मिलने के साथ-साथ स्थायी आजीविका का साधन उपलब्ध होता है। अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को डबरी कार्य कराने हेतु प्रोत्साहित किया गया।
इसके अलावा योजनाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ग्रामीणों को मोबाइल के माध्यम से QR कोड स्कैनिंग की जानकारी दी गई। QR कोड के उपयोग से योजना से संबंधित जानकारी एवं भुगतान की स्थिति जानने के लिए लोगों को प्रेरित किया गया।
रोजगार दिवस कार्यक्रम के माध्यम से जनपद पंचायत मरवाही में ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने, रोजगार सृजन को बढ़ावा देने और पारदर्शी व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई।
