प्राथमिक शाला मुरारीपारा में अंगना म शिक्षा कार्यक्रम आयोजित, 4 स्मार्ट माताएं सम्मानित

कोंडागांव, 11 अप्रैल 2026 | कोंडागांव विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत बड़ेबेंदरी स्थित शासकीय प्राथमिक शाला मुरारीपारा में शनिवार को छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी योजना ‘अंगना म शिक्षा’ के तहत माता उन्मुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीण माताओं की सक्रिय भागीदारी के साथ बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा को सशक्त बनाने पर जोर दिया गया।

Uploaded Image

कार्यक्रम का आयोजन जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती भारती प्रधान के निर्देशानुसार तथा डीएमसी ईमल बघेल, डीआरजी श्रीमती दीपमाला वैष्णव एवं बीआरजी कुमारी राधिका दीवान के मार्गदर्शन में किया गया। विद्यालय के प्रधानाध्यापक पवन कुमार साहू, कार्यक्रम प्रभारी श्रीमती संतोषी पटेल, बालिका शिक्षा प्रभारी श्रीमती इशिता भंडारी एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के नेतृत्व में आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

 

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जनपद सदस्य श्रीमती फागेश्वरी कश्यप, विशिष्ट अतिथि श्रीमती नर्मदा नाग एवं अध्यक्षता कर रहीं श्रीमती सरस्वती नाग द्वारा सरस्वती माता की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पुष्प अर्पण कर किया गया। इसके पश्चात अतिथियों का तिलक व पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया।

 

इस अवसर पर प्रधानाध्यापक पवन कुमार साहू ने बताया कि ‘अंगना म शिक्षा’ एक अभिनव पहल है, जिसका उद्देश्य पहली से तीसरी कक्षा तक के बच्चों की शिक्षा गुणवत्ता को बढ़ाना और माताओं को सीधे सीखने की प्रक्रिया से जोड़ना है। वहीं कार्यक्रम प्रभारी श्रीमती संतोषी पटेल ने कहा कि गतिविधि आधारित शिक्षण के माध्यम से बच्चों को भाषा और गणित की बुनियादी समझ विकसित कराई जाती है।

 

कार्यक्रम के दौरान इस वर्ष 4 माताओं—फागेश्वरी कश्यप, कमला नेताम, जुगदई नेताम एवं कमलेश्वरी गवार—को “स्मार्ट माता” के रूप में सम्मानित किया गया। उन्हें मुकुट पहनाकर, बैज, स्मृति चिन्ह एवं गुलदस्ता भेंट कर सम्मानित किया गया।

 

बालिका शिक्षा प्रभारी श्रीमती इशिता भंडारी ने सभी उपस्थित माताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह कार्यक्रम माताओं को बच्चों की पढ़ाई में सहयोग करने के लिए सशक्त बनाता है और बुनियादी साक्षरता व संख्यात्मकता को मजबूत करता है।

 

कार्यक्रम में कब-बुलबुल टीम के छात्र-छात्राएं, विद्यालय स्टाफ, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, स्व-सहायता समूह एवं ग्रामीण महिलाएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहीं।

Related Post