अरनोद में प्रशासन की अनदेखी से नालियां बनी मुसीबत, हल्की बारिश में ही दुकानों में घुसा गंदा पानी

अरनोद में प्रशासन की अनदेखी से नालियां बनी मुसीबत, हल्की बारिश में ही दुकानों में घुसा गंदा पानी

 

अरनोद में हल्की बारिश ने एक बार फिर अरनोद नगर में सफाई व्यवस्था और प्रशासनिक दावों की पोल खोल दी। सुबह हुई मामूली बरसात के बाद ही मुख्य बाजार की नालियां उफान पर आ गईं। जगह-जगह पानी भर गया और दुकानों में गंदा पानी घुसने लगा। कई दुकानदार अपनी दुकानों से पानी निकालते नजर आए, जिससे बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

 

व्यापारियों ने बताया कि वर्षों से नालियां जाम पड़ी हैं, लेकिन उनकी सफाई का कोई पुख्ता इंतजाम नहीं है। हालात यह हैं कि कई जगहों पर नालियों के ऊपर सीसीकरण कर दिया गया है, जिससे सफाई करना असंभव हो गया है। परिणामस्वरूप हल्की बारिश में ही नालियों का गंदा पानी सड़कों पर बहने लगता है और सड़कें तालाब में तब्दील हो जाती हैं।

 

मुख्य बाजार, बस स्टैंड क्षेत्र और मंदिर मार्ग पर सबसे ज्यादा पानी भरने से राहगीरों को खासी परेशानी हुई। वाहन गुजरने पर पानी के छींटे पैदल चलने वालों पर उड़ते रहे। मंदिर जाने वाले श्रद्धालु भी गंदे पानी से होकर गुजरने को मजबूर हुए।

 

स्थानीय निवासियों और व्यापारियों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि इस समस्या को लेकर कई बार पंचायत और अब नगरपालिका प्रशासन को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई सुधार नहीं हुआ। नगरपालिका बनने के बाद समस्या और भी गंभीर हो गई है।

 

लोगों का कहना है कि यदि समय रहते नालियों की सफाई और मरम्मत नहीं की गई, तो बरसात के मौसम में हालात और बिगड़ सकते हैं। व्यापारी वर्ग ने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि अरनोद जैसे कस्बे में बुनियादी सुविधाओं का अभाव होना आमजन के साथ सरासर अन्याय है।

 

Related Post