अभिव्यक्ति महोत्सव में जिला पंचायत राजनांदगांव अध्यक्ष श्रीमती किरण रविन्द्र वैष्णव हुईं शामिल

 

छुरिया:- खुज्जी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम जोशीलमती की पावन धरा पर मंच संचालक समिति छत्तीसगढ़ द्वारा आयोजित अभिव्यक्ति महोत्सव ने इस वर्ष सांस्कृतिक समृद्धि और परंपराओं के संरक्षण का एक अभूतपूर्व उदाहरण प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं जिला पंचायत राजनांदगांव की अध्यक्ष श्रीमती किरण रविन्द्र वैष्णव, जिनकी उपस्थिति से समारोह की गरिमा और भी बढ़ गई। साथ ही इस अवसर पूर्व पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती गीता साहू, जिला पंचायत सभापति श्रीमती बिरम मंडावी, जिला भाजपा किसान मोर्चा महामंत्री श्री घासी साहू,भाजपा मंडल गैंदाटोला अध्यक्ष श्री खिलेश्वर साहू, ग्राम के संरपंच श्रीमती गोमती साहू,उप संरपंच श्री चित्रागण साहू ,राजेश साहू ,गणेश यदू, विवेकानंद साहू ,धन्नजय साहू उपस्थित रहे।

प्रातःकाल मंत्रोच्चारण, पूजा-अर्चना और दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ हुआ। वर्षों से मंच संचालन के क्षेत्र में सक्रिय अभिव्यक्ति मंच के इस वार्षिक उत्सव में प्रदेश के वरिष्ठ मंच संचालक, युवा उद्घोषक, लोक कलाकार, संगीतकार एवं सांस्कृतिक संगठनों के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। आयोजन स्थल पर सुबह से ही ग्रामीणों और दूर-दराज़ से आए कला-प्रेमियों का तांता लगा रहा, जिससे पूरा ग्राम मेले के रूप में तब्दील दिखाई दिया।

कार्यक्रम की मुख्य झलकियों में प्रदेशभर के कलाकारों और संचालकों की गरिमामयी उपस्थिति प्रमुख रही। पहली बार ग्राम जोशीलमती में आयोजित इस राज्य स्तरीय महोत्सव में अनुभवी संचालकों ने मंच कला, अभिव्यक्ति कौशल और सामाजिक संदेशों से ओतप्रोत संचालक शैली की अद्भुत झलक प्रस्तुत की। वरिष्ठ साथियों को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया, वहीं उभरते हुए युवा मंच संचालकों ने अपनी सशक्त प्रस्तुति से सबका मन जीता।

लोकनृत्य, नाचा–गम्मत, पंथी, विस्तारी गीत, पाथर नाचा, सुहाग गीत, बाल नृत्य, नाटिकाएँ, पारंपरिक वाद्य–वृंद तथा छत्तीसगढ़ी लोकगायन की बहुआयामी प्रस्तुतियों ने दर्शकों को देर रात तक बांधे रखा। सांस्कृतिक विविधता के तहत अनेक जिलों से आए कलाकारों ने अपनी विशेष समूह प्रस्तुतियों से सभागार को जीवंत कर दिया। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहा — 1111 दीपों से की गई भव्य सज्जा, जिसने रात में आयोजन स्थल को अलौकिक सौंदर्य से भर दिया।

कार्यक्रम की अतिथि जिला पंचायत राजनांदगांव अध्यक्ष श्रीमती किरण रविन्द्र वैष्णव ने अपने प्रेरक उद्बोधन में कहा—“छत्तीसगढ़ की कला, संस्कृति और लोकपरंपरा अपनी विशिष्ट पहचान रखती है। अभिव्यक्ति मंच द्वारा किया जा रहा यह सांस्कृतिक अभियान न केवल मंच संचालकों को नई दिशा देता है, बल्कि समाज को सांस्कृतिक समृद्धि से भी जोड़ता है। आने वाली पीढ़ियाँ इसी धरोहर को आगे बढ़ाएंगी।”

उन्होंने मंच संचालक समिति तथा ग्रामवासियों के सामूहिक प्रयासों की सराहना करते हुए ऐसे आयोजनों को समाज निर्माण के लिए आवश्यक बताया।

कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्तर के अनुभवी संचालकों ने मंच संचालन की तकनीक, भाषा-शैली, सामाजिक उत्तरदायित्व और नवोदित प्रतिभाओं के मार्गदर्शन पर महत्वपूर्ण विचार साझा किए। विभिन्न जिलों से आए कलाकारों एवं संचालकों ने बताया कि अभिव्यक्ति मंच छत्तीसगढ़ की युवा प्रतिभाओं के लिए एक मजबूत सांस्कृतिक आधार बन चुका है।

इस अवसर पर अनेक स्थानीय संगठनों, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति उल्लेखनीय रही। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ, परंतु ग्रामीणों के मन में इस भव्य आयोजन की स्मृतियाँ लंबे समय तक जीवित रहेंगी। पूरा आयोजन मंच संचालक समिति छत्तीसगढ़ तथा जिला इकाई राजनांदगांव के संयुक्त प्रयासों और ग्राम जोशीलमती के सहयोग से अत्यंत सफल और ऐतिहासिक सिद्ध हुआ।

Related Post