पशुपालन गतिविधियों को बढ़ावा देने और पशुपालकों को आधुनिक एवं वैज्ञानिक पशुपालन के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से ग्राम सलिहाभांठा, विकासखंड कोरबा में जिला स्तरीय पशु मेला एवं प्रदर्शनी का भव्य आयोजन किया गया। इस आयोजन में क्षेत्र के उन्नत नस्ल के पशु-पक्षियों की आकर्षक प्रदर्शनी देखने को मिली, जिसने बड़ी संख्या में ग्रामीणों और पशुपालकों का ध्यान आकर्षित किया।
मेले में 100 से अधिक पशुपालकों ने अपने उन्नत नस्ल के गाय, भैंस, बकरी, मुर्गी सहित अन्य पशु-पक्षियों का प्रदर्शन किया। प्रदर्शनी के माध्यम से पशुपालकों को उन्नत नस्लों, बेहतर देखभाल, संतुलित आहार और पशुपालन से आय बढ़ाने के तरीकों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में पशुपालकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने अनुभव भी साझा किए।

उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पशुपालकों को प्रोत्साहन स्वरूप अतिथियों के करकमलों से पुरस्कार प्रदान किए गए, जिससे पशुपालकों में आगे और बेहतर कार्य करने का उत्साह देखने को मिला। यह मेला न केवल पशुपालन को बढ़ावा देने का माध्यम बना, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम सलिहाभांठा की सरपंच अमिलाबाई कंवर ने की। विशिष्ट अतिथियों के रूप में रामपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक फूलसिंह राठिया, जिला गौधाम समिति के अध्यक्ष विनय कंवर, जिला पंचायत सदस्य सुष्मिता कमलेश अनंत, सावित्री अजय कंवर, जिला पंचायत सदस्य कोरबा तथा जनपद पंचायत कोरबा की अध्यक्ष बिजमोती राठिया उपस्थित रहीं।
अतिथियों ने अपने संबोधन में पशुपालकों से पशुपालन को व्यवसाय के रूप में अपनाने, उन्नत तकनीकों का उपयोग करने और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने का आह्वान किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन से क्षेत्र में पशुपालन के प्रति सकारात्मक माहौल बना और पशुपालकों को नई दिशा एवं प्रेरणा मिली।
