मोटरसाइकिल के पैसे को लेकर विवाद, पति ने पत्नी की ली जान

कोरबा जिले के बांगो थाना क्षेत्र के ग्राम डामौकुंडा में एक साधारण सा घर… जहां रोज़मर्रा की तरह पति-पत्नी रहते थे। लेकिन 7 फरवरी की रात उस घर में ऐसा कुछ हुआ, जिसने एक पूरे परिवार की ज़िंदगी हमेशा के लिए बदल दी।

 

बताया जा रहा है कि 42 वर्षीय कल्याण सिंह पिछले कुछ दिनों से अपनी खराब पड़ी मोटरसाइकिल की मरम्मत के लिए पत्नी हिरोंडिया मरावी से पैसे मांग रहा था। पत्नी को आशंका थी कि पति पैसे लेकर शराब में उड़ा देगा, इसलिए उसने पैसे देने से इनकार कर दिया। यही इनकार कल्याण सिंह के लिए मौत की वजह बन गया।

 

नशे और गुस्से में अंधे हुए पति ने उसी रात अपनी पत्नी का गला दबा दिया। पल भर में एक पत्नी की सांसें थम गईं… और एक घर उजड़ गया। हत्या के बाद आरोपी ने वारदात को सामान्य दिखाने की कोशिश की। पत्नी के शव को बिस्तर पर सोई हुई अवस्था में लिटा दिया और खुद शराब पीकर कमरे में बेसुध पड़ा रहा।

अगली सुबह उसने अपने बेटे को फोन कर कहा—

“तुम्हारी मां उठ नहीं रही है, जल्दी घर आओ।”

 

बेटे की सूचना पर बांगो थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पहले मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई। एफएसएल टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए पोड़ी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।

 

शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने सच्चाई सामने ला दी—यह सामान्य मौत नहीं, बल्कि गला घोंटकर की गई हत्या थी।

 

जांच की दिशा बदली। पुलिस का शक पति कल्याण सिंह पर गया, क्योंकि घटना के वक्त घर में सिर्फ वही और उसकी पत्नी मौजूद थे। कड़ी पूछताछ के बाद कल्याण सिंह टूट गया और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

 

पुलिस के अनुसार, मृतिका और आरोपी के दो बेटे और दो बेटियां हैं। बेटियों की शादी हो चुकी है, जबकि दोनों बेटे कटघोरा की एक बर्फ फैक्ट्री में काम करते हैं। घर में पति-पत्नी ही रहते थे।

बांगो थाना प्रभारी दुर्गेश वर्मा ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

Related Post