डिजिटल तकनीक से बालको की स्मार्ट मैन्युफैक्चरिंग को नई रफ्तार

वेदांता समूह की प्रमुख कंपनी भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) ने डिजिटल समाधान अपनाकर स्मार्ट मैन्युफैक्चरिंग की दिशा में एक मजबूत और भविष्य उन्मुख कदम बढ़ाया है। संयंत्र के विभिन्न विभागों में आधुनिक डिजिटल तकनीकों के उपयोग से बालको ने अपने प्रचालन को अधिक सुरक्षित, तेज, गुणवत्ता-संपन्न और पारदर्शी बनाने की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति की है।

बालको द्वारा सप्लाई चेन, पॉटलाइन, कास्ट हाउस, रोल्ड प्रोडक्ट्स और कार्बन यूनिट सहित कई प्रमुख क्षेत्रों में डिजिटल सिस्टम लागू किए गए हैं। इन पहलों का मुख्य उद्देश्य प्रचालन दक्षता को बढ़ाना, उत्पाद गुणवत्ता को मजबूत करना, सुरक्षा मानकों को सुदृढ़ करना और सुशासन को प्रोत्साहित करना है। यह पहल बालको की जिम्मेदार औद्योगिक कार्यशैली और सतत विकास के प्रति प्रतिबद्धता को भी दर्शाती है।

Uploaded Image

वैश्विक धातु उद्योग में डिजिटल तकनीक की बढ़ती आवश्यकता को देखते हुए बालको की यह पहल वेदांता समूह के उस विजन के अनुरूप है, जिसमें भविष्य के लिए तैयार, तकनीक-सक्षम और डेटा-आधारित प्रचालन प्रणाली को प्राथमिकता दी गई है।

गुणवत्ता नियंत्रण और ग्राहकों के विश्वास को और मजबूत करने के लिए बालको ने ‘क्वालिटी संकल्प ऐप’ की शुरुआत की है। इस ऐप के माध्यम से कर्मचारी शॉपफ्लोर पर ही गुणवत्ता से संबंधित जानकारियां रियल-टाइम में दर्ज कर सकते हैं। इससे किसी भी समस्या की समय रहते पहचान कर त्वरित सुधार संभव हो पाता है। इसके साथ ही ऐप में मशीनों की स्थिति, स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं पर्यावरण (एचएसई) से जुड़ा डेटा भी दर्ज किया जाता है, जिससे प्रचालन उत्कृष्टता को एक समग्र दृष्टिकोण मिलता है।

बालको ने प्रयोगशालाओं और उत्पादन से जुड़ी कई प्रक्रियाओं का भी डिजिटलीकरण किया है। कोयला प्रयोगशाला को पूरी तरह डिजिटल बनाया गया है, जहां नमी, राख और सल्फर जैसे महत्वपूर्ण परीक्षण स्वचालित रूप से रिकॉर्ड होते हैं। इससे न केवल उत्पाद की गुणवत्ता में सुधार हुआ है, बल्कि पर्यावरणीय प्रदर्शन और निर्णय प्रक्रिया भी अधिक सटीक बनी है। यह एकीकृत डिजिटल ढांचा संसाधन योजना, प्रक्रिया नियंत्रण और गवर्नेंस को मजबूत करता है।

बालको के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं निदेशक राजेश कुमार ने कहा कि बालको में डिजिटल परिवर्तन का अर्थ केवल तकनीक अपनाना नहीं, बल्कि पारदर्शिता, जवाबदेही और निरंतर सुधार की संस्कृति विकसित करना है। इन पहलों से गुणवत्ता, सुरक्षा और गवर्नेंस के स्तर में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। वेदांता एल्युमिनियम का हिस्सा होने के नाते बालको भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए अपनी सभी प्रक्रियाओं को डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ रहा है।

सुरक्षा के क्षेत्र में बालको ने डिजिटल कन्सीक्वेंस मैनेजमेंट पोर्टल शुरू किया है, जिसके माध्यम से असुरक्षित कार्य, जोखिमपूर्ण परिस्थितियों और संभावित खतरों की जानकारी दर्ज की जाती है। इससे समय रहते सुधारात्मक कार्रवाई संभव होती है। इसके साथ ही 24×7 कर्मचारी व्यवहार निगरानी प्रणाली के जरिए कार्यस्थल और वाहनों की आवाजाही से जुड़े जोखिमों पर लगातार नजर रखी जा रही है।

इसके अतिरिक्त, मेटल ऑपरेशंस में उत्पादन और खपत से जुड़े आंकड़ों को पूरी तरह ऑटोमेट कर दिया गया है। अब उत्पादन डेटा तुरंत उपलब्ध हो जाता है, जिससे मैन्युअल हस्तक्षेप कम हुआ है और रिपोर्टिंग अधिक सटीक एवं विश्वसनीय बनी है।

इन सभी डिजिटल पहलों के माध्यम से बालको न केवल अपने प्रचालन को अधिक सुरक्षित, सरल और प्रभावी बना रहा है, बल्कि डेटा-आधारित निर्णय प्रणाली के जरिए गुणवत्ता संवर्धन, गवर्नेंस सुदृढ़ीकरण और स्मार्ट मैन्युफैक्चरिंग को नई दिशा भी दे रहा है।

Related Post