डिजिटल जनगणना 2027, नगरीय अधिकारियों को विशेष प्रशिक्षण

भारत सरकार के निर्देशानुसार जनगणना 2027 के प्रथम चरण अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना के लिए जिला स्तरीय प्रशिक्षण के अंतिम दिन नगरीय निकायों के चार्ज अधिकारियों को एक दिवसीय प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित इस प्रशिक्षण में कलेक्टर कुणाल दुदावत ने कहा कि शासन द्वारा जनगणना हेतु स्पष्ट दिशा-निर्देश और समय-सीमा निर्धारित की गई है। इन्हीं मानकों के अनुरूप जिले में जनगणना कार्य संपन्न किया जाएगा। उन्होंने चार्ज अधिकारियों की भूमिका को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि वे प्रशिक्षण को गंभीरता से लें, अपनी सभी शंकाओं का समाधान करें और फील्ड स्तर पर कार्य करने वाली टीम को भी सटीक मार्गदर्शन दें।

कलेक्टर ने कहा कि जनगणना के दौरान घर-घर जाकर परिवार के मुखिया से सही जानकारी प्राप्त कर उसे दर्ज करना अनिवार्य है। नगरीय क्षेत्रों के प्रत्येक मकान और परिवार की गणना सुनिश्चित की जाए, ताकि सटीक एवं विश्वसनीय आंकड़े प्राप्त हो सकें।

उन्होंने बताया कि 1 मई से 30 मई तक चलने वाले जनगणना कार्य के लिए चरणबद्ध तैयारी की जा रही है। जिले में प्रगणक, पर्यवेक्षक और फील्ड ट्रेनरों की पर्याप्त व्यवस्था की जाएगी। इस बार जनगणना पूरी तरह डिजिटल माध्यम से मोबाइल ऐप के जरिए की जाएगी, जिसके लिए आईटी इंफ्रास्ट्रक्चर एवं आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए गए हैं।

कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि जनगणना के दौरान एकत्रित जानकारी पूर्णतः गोपनीय होगी और इसका किसी भी योजना की पात्रता या अपात्रता से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने निर्देश दिए कि नगरीय क्षेत्रों में किसी भी मकान या परिवार की अनदेखी न हो और टीमवर्क के साथ यह कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया जाए।

निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने भी प्रशिक्षण के महत्व पर जोर देते हुए अधिकारियों से प्राप्त जानकारी को गंभीरता से आत्मसात करने की अपील की।

प्रशिक्षण में जनगणना निदेशालय के संयुक्त निदेशक एवं राष्ट्रीय प्रशिक्षक अशोक मिश्रा तथा मास्टर ट्रेनर कैलाश पाण्डेय ने जनगणना की प्रक्रिया, कानूनी प्रावधान, कोष प्रबंधन, जनशक्ति व्यवस्था, प्रचार-प्रसार, सीएमएमएस मॉड्यूल, उपयोगकर्ता पंजीकरण सहित विभिन्न तकनीकी पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि जनगणना 2027 के दौरान अधिकृत वेबसाइट पर क्षेत्रवार प्रगणकों की जानकारी उपलब्ध रहेगी तथा एआई चैटबॉट के माध्यम से नागरिक अपनी शंकाओं का समाधान भी प्राप्त कर सकेंगे।

इस अवसर पर नोडल अधिकारी एवं अपर कलेक्टर ओंकार यादव, उप संचालक मोहन सिंह कंवर, जिला योजना एवं सांख्यिकी अधिकारी, जिला एनआईसी अधिकारी हेमंत जायसवाल सहित नगर निगम के जोन अधिकारी एवं विभिन्न नगरीय निकायों के सीएमओ उपस्थित रहे।

Related Post