समाज के विकास को मिली नई रफ्तार, मंत्री देवांगन ने सामुदायिक भवनों का लोकार्पण-भूमिपूजन किया

समाजिक एकजुटता और सामुदायिक विकास को मजबूती देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए कोरबा नगर विधायक एवं छत्तीसगढ़ शासन के उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने रविवार को विभिन्न समाजों के भवन निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने कन्नौजिया राठौर समाज के लगभग 25 लाख रुपये की लागत से निर्मित सामुदायिक भवन के ऊपरी तल का लोकार्पण किया, वहीं साहू समाज (तैलिक विकास समिति), बालको नगर के भवन एवं उसके विस्तार कार्यों के लिए 20 लाख रुपये की लागत से होने वाले निर्माण कार्य का विधिवत भूमि पूजन किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री देवांगन ने कहा कि समाज के समग्र विकास के लिए मजबूत सामुदायिक ढांचा अत्यंत आवश्यक है। सामुदायिक भवन न केवल सामाजिक कार्यक्रमों का केंद्र बनते हैं, बल्कि युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों को एक मंच पर जोड़ने का कार्य भी करते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के विकास के लिए प्रतिबद्ध है और आने वाले समय में भी इस तरह की योजनाओं को प्राथमिकता दी जाएगी।

लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान समाज के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे। सभी ने मंत्री देवांगन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस भवन से सामाजिक गतिविधियों को नया आयाम मिलेगा और समाज के लोगों को अपनी सांस्कृतिक एवं सामाजिक आवश्यकताओं के लिए एक सशक्त मंच प्राप्त होगा।

भूमि पूजन अवसर पर तैलिक विकास समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि प्रस्तावित भवन एवं विस्तार कार्य पूर्ण होने के बाद समाज के कार्यक्रमों के साथ-साथ शैक्षणिक, सांस्कृतिक और सामाजिक आयोजनों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

कार्यक्रम के अंत में मंत्री देवांगन ने समाज के विकास में सहभागिता निभाने वाले सभी लोगों को बधाई दी और आश्वस्त किया कि शासन-प्रशासन की ओर से आगे भी सहयोग जारी रहेगा। इस आयोजन से क्षेत्र में सामाजिक विकास और आपसी सौहार्द का संदेश स्पष्ट रूप से देखने को मिला।

Related Post