कोंडागांव, 27 जनवरी 2026 | महात्मा गांधी वार्ड स्थित पीएम श्री आत्मानंद स्कूल के विद्यालय मैदान के दुरुपयोग को लेकर छात्र-छात्राओं ने गंभीर चिंता व्यक्त की है। इस संबंध में पीएम श्री आत्मानंद स्कूल, महात्मा गांधी वार्ड कोंडागांव के समस्त छात्र-छात्राओं द्वारा अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोंडागांव को पत्र प्रेषित किया गया।
पत्र में उल्लेख किया गया है कि विद्यालय परिसर स्थित मैदान में प्रस्तावित न्यायालय भवन निर्माण कार्य स्थायी रूप से स्थगित कर दिया गया है, जिसके लिए छात्र-छात्राओं ने आभार व्यक्त किया है। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि वर्तमान में उक्त मैदान में शादी-विवाह, धार्मिक कथाओं एवं अन्य सामाजिक कार्यक्रमों के आयोजन की अनुमति दी जा रही है।
छात्रों का कहना है कि इन आयोजनों के दौरान टेंट, डीजे (लाउड स्पीकर) एवं अन्य गतिविधियों के कारण उनकी पढ़ाई बाधित होती है, साथ ही दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है। इससे विद्यालय का शैक्षणिक वातावरण प्रभावित हो रहा है।

छात्र-छात्राओं ने स्पष्ट रूप से अनुरोध किया है कि विद्यालय मैदान का उपयोग केवल विद्यार्थियों के खेलकूद एवं शैक्षणिक गतिविधियों तक ही सीमित रखा जाए तथा किसी भी प्रकार के सामाजिक, व्यक्तिगत या गैर-शैक्षणिक कार्यक्रमों की अनुमति न दी जाए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोंडागांव द्वारा कलेक्टर, कोंडागांव को आवश्यक कार्रवाई हेतु ज्ञापन जारी करने के लिए सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोंडागांव को निर्देशित किया गया है, ताकि विद्यार्थियों की शिक्षा, सुरक्षा एवं शैक्षणिक वातावरण को सुरक्षित रखा जा सके।
