कोंडागांव, 25 जनवरी 2026 | जिला मुख्यालय कोंडागांव में शनिवार रविवार की मध्यरात्रि लगभग एक भयावह सड़क हादसे ने लोगों को दहला दिया, लेकिन इस हादसे में जो हुआ उसे स्थानीय लोग किसी चमत्कार से कम नहीं मान रहे हैं। नेताम हॉस्पिटल के सामने आधी रात करीब 1 बजे तेज रफ्तार बेकाबू कार डिवाइडर से टकराने के बाद सड़क पर उल्टी पलट गई। कार की हालत देखकर हर कोई अनहोनी की आशंका जता रहा था, लेकिन आश्चर्यजनक रूप से कार सवार दोनों युवकों को एक भी खरोंच तक नहीं आई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार Toyota GLANZA कार (क्रमांक CG 27 N 7850) पुलिस लाइन की ओर से बस स्टैंड की तरफ जा रही थी। नेताम हॉस्पिटल के सामने अचानक कार डिवाइडर से टकराई और अनियंत्रित होकर पलट गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे हादसे की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है।

सूत्रों के मुताबिक दुर्घटनाग्रस्त कार पुलिस लाइन में पदस्थ एक पुलिस कर्मी की बताई जा रही है। वहीं कार में सवार दोनों युवक शराब के नशे में धुत्त बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत सिटी कोतवाली पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।

स्थानीय नागरिकों की मदद से दुर्घटनाग्रस्त कार को बीच सड़क से हटाकर साइड में लगाया गया, जिसके बाद आवागमन पुनः सुचारू हो सका।
भयावह हादसे में नशे की हालत में होने के बावजूद दोनों युवकों का सुरक्षित बच निकलना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। लोग इसे महज किस्मत नहीं, बल्कि किसी चमत्कार से जोड़कर देख रहे हैं।
