कांग्रेस के विरोध और जनदबाव का असर, सरकार को बदलना पड़ा होली पर शराब बिक्री का फैसला
राजनांदगांव। होली जैसे पावन पर्व पर शराब बिक्री की अनुमति देने के जनविरोधी फैसले को लेकर जिला कांग्रेस महामंत्री चुम्मन साहू द्वारा दिए गए कड़े बयान और कांग्रेस के निरंतर विरोध के बाद आखिरकार सरकार को अपना निर्णय बदलना पड़ा।
वाणिज्यिक कर (आबकारी) विभाग, छत्तीसगढ़ शासन द्वारा 24 फरवरी 2026 को जारी आदेश के अनुसार 04 मार्च 2026 (होली) के दिन पूरे प्रदेश में शुष्क दिवस घोषित करते हुए सभी देशी-विदेशी मदिरा दुकानें, बार, होटल-रेस्टोरेंट एवं मदिरा परोसने वाले समस्त प्रतिष्ठानों को बंद रखने का निर्देश जारी किया गया है।
जिला कांग्रेस महामंत्री चुम्मन साहू ने कहा कि यह निर्णय इस बात का प्रमाण है कि भाजपा सरकार को जनभावनाओं के आगे झुकना पड़ा। उन्होंने कहा कि पहले सरकार त्योहारों के नाम पर राजस्व कमाने की नीयत से शराब बिक्री की अनुमति दे रही थी, जिससे समाज में अशांति, अपराध और महिलाओं की असुरक्षा का खतरा बढ़ता, लेकिन कांग्रेस के विरोध और जनता के दबाव ने सरकार को गलती सुधारने पर मजबूर किया।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी स्पष्ट करती है कि संस्कृति, सामाजिक सौहार्द और सार्वजनिक शांति से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। यदि भविष्य में भी भाजपा सरकार इस तरह के जनविरोधी फैसले लेगी तो कांग्रेस सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी।
अंत में चुम्मन साहू ने कहा कि होली पर शुष्क दिवस का निर्णय जनता की जीत और भाजपा सरकार की नीतिगत विफलता को दर्शाता है।
