दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की बेटियां बनीं चैंपियन, वाराणसी में जीता स्वर्ण पदक

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की महिला हैंडबॉल टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 18वीं अखिल भारतीय अंतर रेलवे हैंडबॉल प्रतियोगिता 2026 का खिताब अपने नाम कर इतिहास रच दिया। वाराणसी में 18 से 21 फरवरी तक आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में टीम ने दक्षिण मध्य रेलवे को पराजित कर स्वर्ण पदक हासिल किया।

रोमांचक रहा फाइनल मुकाबला

फाइनल में दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। मैच अंत तक रोमांचक बना रहा, लेकिन निर्णायक पलों में बेहतर रणनीति और मजबूत मानसिक संतुलन का प्रदर्शन करते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने 32-29 से जीत दर्ज कर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया।

इससे पहले सेमीफाइनल में टीम ने उत्तर पूर्व रेलवे को 28-26 के करीबी अंतर से हराकर फाइनल में प्रवेश किया था।

चार कांस्य के बाद स्वर्णिम सफलता

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की महिला टीम पिछले चार वर्षों से लगातार ऑल इंडिया स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही थी। टीम ने चार संस्करणों में लगातार कांस्य पदक जीतकर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई थी। इस वर्ष खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाते हुए सीधे स्वर्ण पदक जीतकर ‘चैंपियन’ का ताज अपने नाम किया।

प्रबंधन की दूरदर्शिता का परिणाम

इस ऐतिहासिक उपलब्धि को रेलवे प्रबंधन की खेलों के प्रति सकारात्मक सोच और सतत प्रयासों का परिणाम माना जा रहा है। वर्ष 2021 से खेल को बढ़ावा देने के लिए की गई नई नियुक्तियों, बेहतर प्रशिक्षण और सुविधाओं ने टीम की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

इस उपलब्धि पर महाप्रबंधक तरुण प्रकाश सहित रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों और सेक्रसा परिवार ने टीम को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की यह जीत न केवल संगठन के लिए गौरव का विषय है, बल्कि महिला सशक्तिकरण और खेल भावना के प्रति समर्पण का प्रेरक उदाहरण भी है।

Related Post