कोण्डागांव, 6 सितम्बर 2025: केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के महानिदेशक ज्ञानेन्द्र प्रताप सिंह ने शुक्रवार को छत्तीसगढ़ के कोण्डागांव जिले में स्थित 188वीं बटालियन का दौरा किया। अपने दौरे के दौरान उन्होंने केशकाल स्थित ए/188 कंपनी का निरीक्षण किया और बाद में बटालियन मुख्यालय पहुँचकर अधिकारियों से परिचालनिक एवं रणनीतिक गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की।
महानिदेशक ने जवानों से बातचीत कर उनके समर्पण और साहस की सराहना की, साथ ही उनका मनोबल बनाए रखने के लिए प्रेरणादायक संदेश भी दिए। उन्होंने कहा कि बस्तर क्षेत्र में शांति स्थापित करने के लिए जवानों की भूमिका अतुलनीय है।

इस अवसर पर उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर स्थित नव-निर्मित भव्य शहीद स्मारक पर पहुँचकर वीरगति को प्राप्त 460 जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की। यह स्मारक बस्तर क्षेत्र में नक्सलवाद के खिलाफ लड़ते हुए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीरों की स्मृति में समर्पित है, जिनमें 20 अधिकारी भी शामिल हैं। वर्ष 2003 से लेकर 2025 तक की इस लड़ाई में सीआरपीएफ ने कई मुठभेड़ों में बड़ी संख्या में नक्सलियों को ढेर किया है।

दौरे के दौरान विशेष महानिदेशक वितुल कुमार, अपर महानिदेशक अमित कुमार, छत्तीसगढ़ सेक्टर के महानिरीक्षक शालिन, 188 बटालियन के द्वितीय कमान अधिकारी नीतीन्द्र नाथ एवं अभिज्ञान कुमार, उप कमांडेंट कमल सिंह मीणा, सहायक कमांडेंट ओमप्रकाश विश्नोई, चिकित्सा अधिकारी डॉ. राहुल चन्द्रन आरपी समेत सभी अधीनस्थ अधिकारी व जवान मौजूद रहे।
सभी अधिकारियों और जवानों ने शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर वीर शहीदों को नमन किया।
कार्यक्रम के अंत में “अमर शहीद जिंदाबाद” और “भारत माता की जय” के नारों से वातावरण देशभक्ति से सराबोर हो उठा।
