मुख्यमंत्री से नवनियुक्त रायपुर पुलिस कमिश्नर की सौजन्य भेंट

 नवनियुक्त रायपुर पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला ने मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय से उनके निवास कार्यालय में सौजन्य मुलाकात की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने संजीव शुक्ला को नवीन पदभार ग्रहण करने पर बधाई दी और उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राजधानी रायपुर में कानून-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और नागरिक सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण दायित्वों को निभाने में पुलिस की भूमिका अत्यंत अहम है। उन्होंने उम्मीद जताई कि संजीव शुक्ला अपने अनुभव और नेतृत्व क्षमता के माध्यम से राजधानी की पुलिस व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करेंगे।

सौजन्य मुलाकात के दौरान प्रशासनिक कार्यों, जनसुरक्षा और पुलिस-जन सहयोग से जुड़े विषयों पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने पुलिस विभाग से अपेक्षा जताई कि वह संवेदनशीलता, तत्परता और पारदर्शिता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करे, ताकि आम नागरिकों में सुरक्षा और विश्वास की भावना मजबूत हो सके।

Related Post