धान खरीदी संकट पर कांग्रेस का प्रदर्शन, एसडीएम कार्यालयों का घेराव

छत्तीसगढ़ में धान खरीदी व्यवस्था को लेकर किसानों की बढ़ती परेशानियों के खिलाफ कांग्रेस ने बड़ा आंदोलन छेड़ने का ऐलान किया है। भारतीय जनता पार्टी की राज्य सरकार द्वारा लागू की गई धान खरीदी प्रणाली को “पूरी तरह विफल” बताते हुए कांग्रेस ने जिले के सभी एसडीएम कार्यालयों का घेराव करने का निर्णय लिया है। इस आंदोलन के तहत 28 जनवरी को जिलेभर में एक साथ धरना-प्रदर्शन कर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा जाएगा।

जिला कांग्रेस प्रवक्ता नागेंद्र गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि खरीफ फसल की धान खरीदी के लिए सरकार द्वारा बनाया गया सिस्टम किसानों के लिए राहत की जगह परेशानी का कारण बन गया है। पहले ऑनलाइन टोकन व्यवस्था में भारी तकनीकी समस्याएं आईं, जिसके बाद ऑफलाइन टोकन प्रणाली शुरू की गई, लेकिन अब उसे भी बंद कर दिया गया है। इससे बड़ी संख्या में किसान धान विक्रय से वंचित रह गए हैं। कई किसानों का धान अभी भी घरों और खलिहानों में रखा हुआ है, जबकि सरकारी धान खरीदी की अंतिम तिथि नजदीक आती जा रही है। ऐसे में किसान गहरी चिंता और असमंजस की स्थिति में हैं।

कांग्रेस का आरोप है कि सरकार की अव्यवस्था और प्रशासनिक लापरवाही के कारण मेहनतकश किसान आर्थिक संकट की ओर धकेले जा रहे हैं। इसी के विरोध में ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों के नेतृत्व में जिले के सभी एसडीएम कार्यालयों का घेराव किया जाएगा। इस दौरान धान खरीदी की तिथि बढ़ाने, टोकन से वंचित किसानों के लिए विशेष व्यवस्था करने और सीधे किसानों से धान खरीदी की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा जाएगा।

कार्यक्रम के तहत चांपा एसडीएम कार्यालय में जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेश अग्रवाल, जांजगीर एसडीएम कार्यालय में विधायक व्यास कश्यप, अकलतरा एसडीएम कार्यालय में विधायक राघवेंद्र कुमार सिंह, पामगढ़ एसडीएम कार्यालय में विधायक शेषराज हरबंस सहित वरिष्ठ कांग्रेसजन, अनुसांगिक संगठनों और मोर्चा-प्रकोष्ठों के पदाधिकारी बड़ी संख्या में मौजूद रहेंगे।

Related Post