कोंडागांव, 17 दिसंबर 2025 | धान खरीदी में व्याप्त अव्यवस्थाओं और किसानों की समस्याओं को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी कोंडागांव ने बुधवार को जिला मुख्यालय स्थित चौपाटी मैदान में एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस ने राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन कलेक्टर के माध्यम से एसडीएम को सौंपते हुए शीघ्र समाधान नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि जिले के धान खरीदी केंद्रों पर टोकन कटौती, खरीदी लिमिट कम किए जाने, लंबी कतारों और अव्यवस्थित प्रबंधन के कारण किसान भारी परेशानियों का सामना कर रहे हैं। एग्रीटेक के नाम पर किसानों की रकबा कटौती किए जाने से उन्हें अपनी उपज बेचने में कठिनाई हो रही है और कई किसान मजबूरी में बाजार में धान बेचने को विवश हैं।
धरना स्थल पर वक्ताओं ने कहा कि किसानों की समस्याओं के प्रति प्रशासन संवेदनशील नहीं है। कलेक्टर कार्यालय पहुंचने पर भी किसानों से समुचित संवाद नहीं हो पा रहा, जिससे असंतोष बढ़ता जा रहा है। कांग्रेस ने जिले की विभिन्न तहसीलों में किसानों द्वारा किए जा रहे विरोध प्रदर्शनों का हवाला देते हुए चेताया कि यदि जल्द ठोस कदम नहीं उठाए गए तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

कांग्रेस ने मांग की कि धान खरीदी व्यवस्था में तत्काल सुधार किया जाए, टोकन और लिमिट से जुड़ी समस्याओं का निराकरण हो तथा किसानों की जायज मांगों को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाए।

धरना प्रदर्शन में जिला कांग्रेस अध्यक्ष रवि घोष, पूर्व मंत्री मोहन मरकाम, वरिष्ठ कांग्रेस नेता अमीन मेमन सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और किसान उपस्थित रहे।
