बिलासपुर में सुरों का संगम, अंतर रेलवे संगीत प्रतियोगिता का आगाज़

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर में अखिल भारतीय अंतर रेलवे सांस्कृतिक प्रतियोगिता (संगीत) का भव्य शुभारंभ न्यू ऑडिटोरियम, तितली चौक स्थित रेलवे कॉलोनी में हुआ। 2 और 3 फरवरी तक चलने वाली इस दो दिवसीय प्रतियोगिता में देशभर से आए रेलवे कलाकारों की सुरमयी प्रस्तुतियों ने पहले ही दिन श्रोताओं का मन मोह लिया।

इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भारतीय रेलवे के विभिन्न जोनों, उत्पादन इकाइयों और कारखानों से कुल 22 टीमों ने भाग लिया है। इनमें बनारस लोकोमोटिव वर्क्स, चित्तरंजन लोकोमोटिव वर्क्स, इंटीग्रल कोच फैक्ट्री, रेल कोच फैक्ट्री, रेलवे बोर्ड सहित उत्तर, दक्षिण, पूर्व, पश्चिम और मध्य भारत के प्रमुख रेलवे जोन शामिल हैं।

प्रतियोगिता के पहले दिन सुगम संगीत (लाइट म्यूजिक गायन) और शास्त्रीय गायन की विधाओं में कलाकारों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। अलग-अलग भाषाओं और शैलियों में प्रस्तुत गीतों ने पूरे सभागार को संगीत की भावनाओं से भर दिया। श्रोताओं ने हर प्रस्तुति को तालियों की गूंज के साथ सराहा।

आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता प्रतिदिन सुबह 8 बजे से देर शाम तक आयोजित की जा रही है।

3 फरवरी 2026 को सुगम वादन एकल एवं शास्त्रीय वादन एकल की प्रस्तुतियाँ होंगी, जिसके बाद समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर महाप्रबंधक, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे तरुण प्रकाश मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे, जबकि सेक्रो अध्यक्षा मीनाक्षी शर्मा विशिष्ट अतिथि होंगी।

अखिल भारतीय अंतर रेलवे सांस्कृतिक प्रतियोगिता भारतीय रेलवे की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और कर्मचारियों की छिपी प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच देने का एक सशक्त माध्यम है। बिलासपुर में आयोजित यह आयोजन न केवल संगीत प्रेमियों के लिए विशेष है, बल्कि रेलवे की सांस्कृतिक एकता और विविधता का भी सुंदर उदाहरण प्रस्तुत करता है।

Related Post