कोण्डागांव, 19 मार्च 2026 | कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना ने गुरुवार को माकड़ी विकासखण्ड अंतर्गत विभिन्न आश्रम छात्रावासों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ग्राम मालगांव में प्री मैट्रिक आदिवासी कन्या छात्रावासों का भी निरीक्षण किया और उपलब्ध सुविधाओं के बारे में बालिकाओं से चर्चा की। उन्होंने शौचालय के मरम्मत और पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया।
उन्होंने ग्राम हिरलाभाठा में शासकीय कन्या आश्रम का निरीक्षण किया और आवश्यक फर्नीचर की व्यवस्था के साथ बच्चों के खेलने के लिए खेल सामाग्री उपलब्ध कराने और शेड निर्माण हेतु विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया। इसके अलावा प्री. मैट्रिक बालक छात्रावास बीजापुर का भी निरीक्षण किया। ग्राम हिरलाभाठा में जल जीवन मिशन के कार्यों का भी अवलोकन किया और संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी घरों में सुचारू रूप से पेयजल की आपुर्ति सुनिश्चित करें। ग्राम अमरावती में शासकीय बालक आश्रम का निरीक्षण किया और भवन में सीपेज की समस्या के समाधान करने हेतु आवश्यक मरम्मत कार्य के निर्देश दिए। साथ ही बच्चों के स्वास्थ्य जांच कराने हेतु बीएमओ को निर्देशित किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों से दैनिक दिनचर्या और भोजन के बारे में जानकारी ली और निर्देशित किया कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण भोजन के निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ अविनाश भोई, एसडीएम अजय उरांव, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग कृपेन्द्र तिवारी सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
