अरनोद थाना परिसर में थानाधिकारी शिवलाल मीणा की अध्यक्षता में सीएलजी बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक आगामी त्योहारों को ध्यान में रखते हुए आयोजित की गई, जिसमें क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा की गई।
बैठक में नवरात्रि पर्व के दौरान अरनोद एवं थाना क्षेत्र में स्थित दुर्गा माताजी मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष फोकस किया गया। साथ ही, आने वाले ईद पर्व को लेकर भी कार्यक्रमों की जानकारी ली गई और सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया गया।
थानाधिकारी शिवलाल मीणा ने बैठक में मौजूद सदस्यों को बढ़ते साइबर क्राइम के प्रति जागरूक किया। उन्होंने बताया कि आजकल डिजिटल माध्यमों और सोशल मीडिया के जरिए ठगी के मामलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, जिससे सतर्क रहने की जरूरत है।
उन्होंने सभी सीएलजी सदस्यों से अपील की कि क्षेत्र में होने वाली किसी भी आपराधिक गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। साथ ही यह भी आश्वासन दिया कि सूचना देने वाले का नाम पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा।
बैठक में त्योहारों को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने को लेकर पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया गया।
