कोंडागांव, 22 फरवरी 2026 | कोंडागांव नगर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने के उद्देश्य से अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद, कोंडागांव इकाई द्वारा प्रत्येक रविवार को नियमित रूप से स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में रविवार, 22 फरवरी 2026 को कोंडागांव स्थित बंधा तालाब परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया।
यह अभियान मुख्य नगरपालिका अधिकारी दिनेश डे के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ, जिसमें पूर्व सैनिकों एवं निःशुल्क सैन्य प्रशिक्षण ले रहे युवक-युवतियों ने मिलकर तालाब से बड़ी मात्रा में जलकुंभी (जल कुम्भी) निकालकर सफाई की।

इस अवसर पर बस्तर संभाग प्रभारी सुब्रत साहा ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि “साफ-सफाई हमारे जीवन का एक महत्वपूर्ण पहलू है। यह हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए, क्योंकि स्वच्छता से हम जीवन की कई परेशानियों से मुक्ति पा सकते हैं।”
वहीं जिला अध्यक्ष सूरज यादव ने कहा कि “स्वच्छता का अर्थ है सफाई से रहने की आदत। इससे न केवल शरीर स्वस्थ रहता है, बल्कि तन और मन दोनों को खुशी मिलती है।”
कार्यक्रम के दौरान सभी उपस्थितजनों ने मिलकर
“स्वच्छ कोंडागांव – सुंदर कोंडागांव”, “स्वच्छ भारत – सुंदर भारत”, “स्वच्छता मिशन में मेरी भागीदारी – मेरा शहर मेरी जिम्मेदारी”, “भारत माता की जय” जैसे नारों के साथ स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता का संदेश दिया।
इस अभियान में अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद कोंडागांव के संरक्षक एवं बस्तर संभाग प्रभारी सुब्रत साहा, जिला अध्यक्ष सूरज यादव, उपाध्यक्ष अजनेर लकड़ा, पूर्व सैनिक राकेश धीवर सहित निःशुल्क सैन्य प्रशिक्षण ले रहे लगभग 7022 युवक-युवतियाँ उपस्थित रहे।
स्वच्छता अभियान से नगरवासियों में सकारात्मक संदेश गया और कोंडागांव को स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ शहर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।
