सिविल लाइन पुलिस की कार्रवाई, चाकू से दहशत फैलाने वाले गिरफ्तार, 11 पर शिकंजा

बिलासपुर के थाना सिविल लाइन क्षेत्र में पुलिस ने असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए चाकू दिखाकर लोगों को भयभीत करने वाले दो युवकों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट की धारा 25-27 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार उस्लापुर ओवरब्रिज के नीचे यश छाबड़ा राहगीरों को चाकू दिखाकर डराने-धमकाने का प्रयास कर रहा था। वहीं मिनीमाता नगर स्थित साई मंदिर के पास राहुल पुरी गोस्वामी चाकू लहराकर आने-जाने वाले लोगों में दहशत फैला रहा था। सूचना मिलते ही थाना सिविल लाइन पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों को हिरासत में लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में यश छाबड़ा (25 वर्ष), निवासी महामाया पार्क मंगला तथा राहुल पुरी गोस्वामी (25 वर्ष), निवासी मिनीमाता नगर शामिल हैं। दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।

इसके अतिरिक्त सरप्राइज चेकिंग अभियान के दौरान कुदुदंड, उस्लापुर एवं चाटापारा क्षेत्र में शांति व्यवस्था भंग करने की आशंका पर 11 व्यक्तियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।

पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हुई है तथा आम नागरिकों में भरोसा बढ़ा है। अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

Related Post